• Sat. Apr 20th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

विकास के लिए भूमि अधिग्रहण जरूरी

May 30, 2015

prem prakash pandey, dr raman singh, amar agrawal, m venkaiah naiduभिलाई। केन्द्रीय शहरी विकास एवं गरीबी उपशमन मंत्री एम वेंकैय्या नायडू ने विकास के लिए भूमि अधिग्रहण को जरूरी बताते हुए कहा कि भिलाई इस बात का भी जीता जागता सबूत हैै। श्री नायडू ने कहा कि जिस तरह हवाई अड्डा हवा में नहीं बन सकता, उसी तरह बड़े बड़े उद्योग और कारखाने, सड़कें हवा में नहीं बसाए जा सकते। उन्होंने कहा कि भिलाई गांव में पहले सिर्फ 800 लोग रहते थे। जब यहां इस्पात कारखाना लगाने की बात हुई तो 8 गांव के लोगों ने अपनी जमीनें छोड़ दीं। वे अप्रशिक्षित थे इसलिए इस इस्पात संयंत्र में कोई कुली तो कोई खलासी बना। किन्तु उनके बच्चों ने अच्छी तालीम पाई और इंजीनियर डाक्टर बन गए। विकास का पहिया इसी तरह आगे बढ़ता है। Read More
venkaiah flags off city buses in Bhilai2श्री नायडू यहां नेहरू सांस्कृतिक सदन में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। सभा को संबोधित करने से पूर्व उन्होंने दुर्ग-भिलाई अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी की 40 बसों को हरी झण्डी दिखाई तथा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इसकी पुरोहिताई बालाजी महाराज, कोसानाला मंदिर ने की।
उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार को स्किल, स्केल और स्पीड की सरकार निरूपित करते हुए कहा कि मोदी न तो सोते हैं और न ही किसी को सोने देते हैं। उन्होंने देश को बहुत कम समय में दुनिया में शीर्ष स्थान तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है, और हम सबको इसमें सहभागिता करनी है। श्री नायडू ने कहा कि लोगों को किसी कार्य में कुशल कर उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने में मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार की ही दूरदृष्टि है कि इस कार्य के लिए उन्होंने अलग से एक मंत्रालय की स्थापना की तथा इसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
तेलुगू और अंग्रेजी के साथ हिन्दी में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की एक वर्ष की यह सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उनके एक साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार शब्द का एक बार भी उल्लेख नहीं किया गया। प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रानिक मीडिया तक के पास कुछ भी लिखने या दिखाने के लिए नेगेटिव नहीं था। श्री मोदी ने अमरीका, चीन, फ्रांस, यूरोप, नेपाल, आस्ट्रेलिया का दौरा किया और हर जगह उनकी प्रशंसा ही हुई। इसका नतीजा यह है कि भारत को लेकर आज वर्ल्ड बैंक भी कह रहा है कि यह 1-2 साल में जीडीपी के मामले में चीन को मात दे देगा।
नो टेंशन ओनली अटेंशन
श्री नायडू ने कहा कि छत्तीसगढ़ से उनका पुराना लगाव है। वे जब भी यहां आते हैं तो भिलाई जरूर आते हैं। भिलाई के गुणों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां किसी तरह का कोई टेंशन नहीं है। लोग सिर्फ काम करने के लिए अटेंशन की मुद्रा में रहते हैं। देश में उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी भारत तो है किन्तु इस शहर की पहचान मिनी भारत के रूप में है।
राज्यों को मिला ज्यादा
उन्होंने कहा कि पहले राज्यों से केन्द्र को जाने वाले राजस्व का केवल 32 फीसदी राज्यों को वापस मिलता था। मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया। इसके अलावा केन्द्र पोषित कार्यक्रमों के जरिए इसका लगभग 50 फीसदी हिस्सा राज्यों में खर्च होने लगा।
रमन मतलब विकास पुरुष
मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि एक मैं नेता हूं, पूरे देश में घूमता रहता हूं। एक आपका नेता है हमेशा आप लोगों के बीच में रहता है। एक और टाइप के नेता होते हैं जो कभी कभार आपके बीच आते हैं और प्रवचन करते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता वही होता है जो जनता के बीच रहता है।
सोच का फर्क तो पड़ता है
उन्होंने कहा कि श्री मोदी नई सोच के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने स्वच्छता की बात कही तो पूरे देश में स्वच्छता अभियान चल पड़ा। अब खुले में शौच मुक्त गांव बनाए जा रहे हैं। लोगों ने पालीथीन का उपयोग न करने की शपथ ली तो नालियों का चोक होना बंद हो गया। सभी परिवारों के पास बैंक खाता होने की बात चली तो 4 माह में 15 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुल गए। अब इन खातों के जरिए गरीबों का अंत्योदय होगा। इन खातों की बदौलत उन्हें ऋण मिलेगा।
आने वाले समय में…
श्री नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के एक साल के कायर्काल के दौरान पाजिटिविटी आई है। विदेशों की भारत में आस्था लौटी है और अब वे बड़े पैमाने पर इस देश में निवेश करना चाहते हैं। पर जनता ने हमें एक साल नहीं बल्कि पांच साल तक शासन करने के लिए चुना है। आने वाले वर्षों में हम कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाएंगे। नदियों को जोड़कर, नए जल संसाधनों, स्रोतों का विकास कर कृषि को स्थायित्व दिया जाएगा। किसानों की बेहतरी के लिए और भी योजनाएं लाई जाएंगी ताकि कृषि का व्यवसाय जुए जैसा न रह जाए।

Leave a Reply