• Thu. Apr 25th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

पानी बचाने के साथ ही जरूरी है भूजल को रिचार्ज करना : सहायक आयुक्त

Apr 16, 2019

MJ College Water Conservationभिलाई। नगर निगम के सहायक आयुक्त तरूण पाल लहरे ने आज कहा कि जल है तो कल है। इसलिए हमें न केवल पानी बचाने के प्रति जागरूक होना पड़ेगा बल्कि भूजल को रिचार्ज करने के लिए जितना भी कर सकें, करना होगा। श्री लहरे यहां एमजे कालेज में आयोजित जल संरक्षण संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। श्री लहरे ने कहा कि वे बिलासपुर क्षेत्र से आते हैं जहां अरपा नदी सुप्त रूप से बहती है। ऊपर से नदी सूखी हुई नजर आती है पर भीतर ही भीतर जल का स्रोत चलता है। उन्होंने बताया कि भूजल, मृदा जल का संबंध वनस्पति और वातावरण के तापमान से भी है। अब गर्मियों में वहां का तापमान 50 को छूने लगा है। यदि तापमान इससे भी ज्यादा ऊपर गया तो मनुष्य के लिए जीवन मुश्किल हो जाएगा।MJ College Water Conservationमहाविद्यालय के आईक्यूएसी सेल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती श्रीलेखा विरुलकर ने अपनी दादी से सुनी बात का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी के घर में पानी व्यर्थ टपकता है या बहता रहता है तो उस घर में लक्ष्मी नहीं आती। उनकी दादी मानती थी, उनकी मां भी मानती रही हैं और वे स्वयं भी इसमें यकीन करती हैं।
आयोजन के मुख्य वक्ता सिविल इंजीनियर, पत्रकार एवं नगर निगम के रेन वाटर हार्वेस्टिंग समन्वयक मधुर चितलांगिया ने बताया कि विश्व का लगभग 75 फीसदी पानी है। पर केवल एक फीसदी पानी ही उपयोग के लायक है। इसमें से कुछ पानी सतह पर है जबकि शेष पानी भूजल के रूप में है। उन्होंने मृदा नमी एवं भूजल को संरक्षित करने के उपायों पर जोर देते हुए इसके विभिन्न प्रकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
नगर निगम के शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र राव ने बेहद रोचक तरीके से जल के उपयोग, उसकी बजत एवं उसके संरक्षण के उपायों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि एमजे कालेज से लगकर भिलाई का एक बड़ा नाला बहता है। हमें उससे जुड़कर कुछ प्रोजेक्ट करने चाहिए ताकि समुदाय को उसका लाभ हो।
नगर निगम के नोडल अधिकारी अजय शुक्ला ने इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकवृंद को शत प्रतिशत मतदान एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई। प्राचार्य डॉ कुबेर सिंह गुरुपंच ने जल संरक्षण के महत्व पर अपना सारगर्भित उद्बोधन दिया। संचालन सहायक प्राध्यापक दीपक रंजन दास ने किया। इस अवसर पर सभी विभागाध्याक्ष, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply