• Thu. Mar 28th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

सार्वजनिक क्षेत्र के बड़े उद्योगों के निजीकरण में जुटी मोदी सरकार – तुलसी

Sep 8, 2020

Modi govt flayed for privatisation of PSUsभिलाई। भिलाई शहर जिला कांग्रेस की अध्यक्ष तुलसी साहू ने मोदी सरकार पर जमकर हल्ला बोलते हुए कहा है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने जहां देश में भारी उद्योगों की स्थापना कर रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास का मोर्चा खोला वहीं केन्द्र की मोदी सरकार इन उद्योगों को निजी हाथों में सौंप कर बेरोजगारी के बीज बो रही है। तुलसी युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित कर रही थीं।मुर्गा चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में केन्द्र सरकार की रोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। युवाओं ने बेरोजगारों के लिए रोजगार की मांग की। साथ ही भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिकों के शोषण के खिलाफ भी आवाज उठाई। प्रदर्शन में भिलाई नगर विधायक व महापौर देवेन्द्र यादव, भारतीय युवा कांग्रेस प्रभारी महेन्द्र, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंकुश पिल्ले, युवा कांग्रेस भिलाई नगर अध्यक्ष अफरोज, एनएसयुआई जिला अध्यक्ष आदित्य सिंह, सीजू एंथोनी, नीता लोधी सहित सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस व एनएसयुआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तुलसी साहू ने केन्द्र सरकार पर जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार देश में बेरोजगारी का बीज बो रही है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने देशभर में नौ रत्नों का निर्माण किया जिसमें से भिलाई इस्पात संयत्र एक है। एक ओर जहां जवाहर लाल नेहरू ने देश में युवाओं को रोजगार दिया वहीं दूसरी ओर केन्द्र की मोदी सरकार देश के बड़े औद्योगिक क्षेत्रों का निजीकरण में लगी हुई है। नेहरू जी का सपना था युवाओं को काम देंगे तो उनके हाथ में पैसा आएगा। जब लोगों के हाथ में पैसा होगा तो बाजारों में पैसा पहुंचेंगा और देश की अर्थव्यवस्था सुधरेगी। कार्यक्रम को भिलाई नगर विधायक व महापौर देवेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। साथ ही भारतीय युवा कांग्रेस प्रभारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश पिल्ले, एनएसयुआई अध्यक्ष आदित्य सिंह ने भी अपनी बात रखी।

Leave a Reply