• Thu. Apr 18th, 2024

Sunday Campus

Health & Education Together Build a Nation

दुनिया भर के युवा दिलों को जोड़ती है मिष्टी की आवाज

Nov 30, 2021
Namonita makes it to Sessions Live America

भिलाई। युवाओं की अपनी दुनिया है। बच्चे अब वो रहे नहीं और दुनिया उन्हें वयस्क नहीं मानती। इस उधेड़बुन में स्वयं को तलाशती उनकी अपनी राहें हैं। एक तरफ जीवन की उलझन है तो दूसरी तरफ भावनाओं की कशिश। भावनाएं अभिव्यक्ति चाहती हैं पर आसपास कोई सुनने वाला नहीं। ऐसे में संगीत सहज ही वह माध्यम बन जाता है जो उन्हें दुनिया भर के युवाओं से जोड़ देता है। श्रोता के रूप में, गायक के रूप में या फिर साजिन्दे के रूप में। नमोनिता “मिष्टी” ने भी यही राह चुनी और जा पहुंची अंतरराष्ट्रीय मंच पर।

नमोनिता “मिष्टी” के गीतों को सेशन्स लाइव ने सराहा है। सेशन्स लाइव ने बिना ऑडिशन के मिष्टी का चयन केवल उनके कवर को सुनकर किया था। यह एक अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय मंच है जो संगीत से जुड़े कलाकारों को जोड़ता है। फिलहाल अंग्रेजी, कोरियाई एवं हिन्दी में उनके 6 कवर सॉंग्स और 6 शॉर्ट कवर सॉंग्स आए हैं। ये सभी हॉलिवुड एवं कोरियाई पॉप पर हैं। कोरियाई संगीत समूह बीटीएस को वे अपनी प्रेरणा मानती हैं। उनके लिए संगीत अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति है। अब वे स्वरचित लिरिक्स पर काम कर रही हैं। इनकी रिकॉर्डिंग प्रगति पर है। वे कहती हैं, “यदि मां ने होसला न बढ़ाया होता तो यह सफर इतना आसान न होता।“ मिष्टी के गीतों को सुनने के लिए यूट्यूब पर namonita roy/mishty पर जाएं।


मिष्टी की मां डॉ मेरिली रॉय इंदिरा गांधी शासकीय कला, विज्ञान एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशालीनगर के अंग्रेजी विभाग की एचओडी हैं। वे बताती हैं कि जिस कार्य में खुशी मिलती हो, यदि वही करियर बन जाए तो इससे अच्छी कोई बात नहीं हो सकती। मिष्टी को संगीत में सुकून मिलता है, उसकी आवाज को दुनिया ने सराहा है। उसे अभी लंबा सफर तय करना है। क्या पता, कल को वही हमारी पहचान बन जाए।


श्री शंकराचार्य विद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी करने वाली मिष्टी वैसे तो अंग्रेजी में ही लिखती और गाती हैं पर उन्होंने एक कोरियाई गीत भी बखूबी गाया है। वे कहती हैं कि भाषा सुनकर सीखी जाती है। लिसनिंग अच्छी हो तो यह कार्य आसान हो जाता है। देश के लगभग सभी गायकों ने अनेक भाषाओं में गीत गाए हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जुड़ने में मदद मिलती है।
मिष्टी बताती हैं कि संगीत की दुनिया बहुत बड़ी है। 21वीं सदी में गाने सुनना बहुत आसान हो गया है। ग्रामोफोन, रिकार्ड प्येअर, स्टीरियो म्यूजिक सिस्टम की अब जरूरत नहीं रही। अब आपका मोबाइल और एक अच्छी क्वालिटी का ईयरफोन आपको भरपूर आनंद दे सकता है। आप जहां भी हों, म्यूजिक का आनंद ले सकते हैं। लोग ऐप के जरिए ऑनलाइन म्यूजिक सुन रहे हैं, क्रिएट कर रहे हैं, कम्युनिटी बना रहे हैं। यदि आप क्रिएट कर सकते हैं तो यह आपका करियर भी हो सकता है। बस जुनून चाहिए।

Leave a Reply