सीएसआर के तहत करें हुडको का विकास
भिलाई। राज्य शासन के केबिनेट मंत्री श्री पाण्डेय ने बीएसपी के सीईओ एस. चन्द्रसेकरन को हुडको का विकास सीएसआर के तहत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन मद से हुडको के बड़े नाले का गहरी करण एवं चौड़ी करण करने हेतु जिलाधीश को निर्देशित किया है। >>>
उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने शुक्रवार को हुडको के वार्ड नम्बर 56, 57 का दौरा किया। दोनों वार्ड के मुख्य मार्ग एवं आंतरिक मार्गों के लिए एक करोड़ चालीस लाख की राशि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत कराई गयी है। दोनों वार्डों में 58 लाख की लागत से नाली निर्माण किया जाना है। श्री पाण्डेय ने दोनों वार्डों में चल रहे लगभग 2.50 करोड़ की राशि से पाईप लाईन संधारण एवं बिछाई गई नई पाईप लाईन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। हुडको स्थित अरविन्द सोसायटी की रिक्त भूमि के लिए 1 करोड़ 14 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है उस पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। इसके आलावा सड़कों का अवलोकन कर तत्काल डब्लूएमएम करने के लिए प्रस्ताव बनाने के लिए कहा। हुडको के दोनों वार्डों की रिक्त भूमि को फेंसिंग कर जनता के उपयोग में लाने की बात उन्होंने कही।
दौरे के दौरान दोनो वार्डों में चल रहे उद्यानों के निर्माण का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए बिजली एवं पानी की व्यवस्था हेतु आधिकारियों को निर्देशित किया तथा हुडको के दोनों मार्केट में डामरी करण एवं नाली निर्माण करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान पार्षद संजय दानी, वशिष्ठ नारायण मिश्रा, चन्ना केशवलू, महेश वर्मा, भागचंद जैन, लल्लन मिश्रा, अमरजीत सिंग चहल आदि उपस्थित थे।