छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना: खिलाड़ियों को खेलवृत्ति का अवसर

छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन : खेलवृत्ति के लिए करें आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 के लिए खिलाडिय़ों से खेलवृत्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह खेलवृत्ति खिलाडिय़ों द्वारा विगत वर्ष 2024-25 में अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर प्रदान की जाएगी।जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिन्होंने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय खेल/राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में सीनियर, जूनियर अथवा सब-जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त किया है, वे इस योजना के अंतर्गत पात्र होंगे। खेलवृत्ति की राशि अधिकतम 25 वर्ष आयु तक के खिलाडिय़ों को प्रदान की जाएगी।जिला कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीनियर वर्ग में क्रमश: 75 हजार, 50 हजार एवं 40 हजार, जूनियर वर्ग में 60 हजार, 40 हजार एवं 30 हजार तथा सब-जूनियर वर्ग में 50 हजार, 25 हजार एवं 20 हजार रुपये की खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। एकल एवं दलीय खेलों में केवल वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने वास्तविक रूप से प्रतियोगिता में भाग लिया हो, जिसका प्रमाण संबंधित राज्य खेल संघ के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा। खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना तथा प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना आवश्यक है। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार खेलवृत्ति की पात्रता होगी तथा एक से अधिक उपलब्धियों की स्थिति में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर ही खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। खेलवृत्ति स्वीकृति हेतु संचालक, खेल एवं युवा कल्याण सक्षम अधिकारी होंगे। राज्य खेल संघों से प्रमाणिकरण सहित आवेदन पत्र जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में 16 फरवरी 2026 को कार्यालयीन समय तक जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।

#SportsScholarship

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *