भीड़ बन गई जॉली एलएलबी, चलाया ऑपरेशन कालनेमी
भिलाई। पता नहीं इनकी प्रेरणी का स्रोत जॉली एलएलबी है या उत्तराखंड की ऑपरेशन कालनेमी, पर इनकी हरकतें इन दोनों से ही मेल खाती हैं। जॉली एलएलबी में वकील अक्षय कुमार भरी अदालत में हिन्दुत्व से जुड़े सवाल पूछकर एक फर्जी बाबा का पोल खोल देता है। वहीं आपरेशन कालनेमी पिछली जुलाई में चलाया गया एक ऐसा अभियान था जिसमें हजारों की संख्या में फर्जी साधु पकड़े गए थे। भिंड में रविवार को भीड़ ने भीख मांग रहे दो साधुओं की पिटाई कर दी।
खबरों के मुताबिक भिंड के बाइपास रोड पर दो गेरुआ धारी साधु भीख मांग रहे थे। तभी कुछ युवक वहां पहुंचकर उन्हें घेर लेते हैं। पहले तो वो उनसे सवाल पूछते हैं। जब वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते तो वे उनकी जमकर पिटाई कर देते हैं। युवक साधु का बाल पकड़कर घसीटते हुए दिखाई देते हैंं। इन युवकों का दावा है कि साधुओं के थैले से उर्दू में लिखे दस्तावेज मिले हैं।
हालांकि मामले की कथित साधुओं की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। वायरल वीडियो के माध्यम से आरोपियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। यह धार्मिक सौहार्द्र को नुकसान पहुंचाने वाली घटना है।
इन युवकों ने साधुओं से भगवान शंकर की पत्नी का नाम पूछा। फिर महाभारत के पात्रों के बारे में जानकारी पूछी। फिर रामायण की चौपाई सुनाने को कहा, यह भी नहीं सुना पाए। इसकी वजह से वहां मौजूद भीड़ का गुस्सा बढ़ने लगा।
उत्तराखंड पुलिस ने जुलाई 2025 में ऑपरेशन कालनेमी के नाम से एक ऐसा ही अभियान चलाया था। राज्य के सभी 13 जिलों में चलाए गए अभियान के तहत 2448 लोगों की पहचान की गई थी। इसमें 377 संदिग्ध थे। इसके अलावा भगवा चोले की आड़ में पहचान छिपा कर लोगों को ठगने पर 222 अभियुक्तों पर कार्यवाही की गई। 140 गिरफ्तारियां सुनिश्चित की गईं।
#FakeSadhu #OperationKalnemi #JollyLlB












