भिलाई शहर जिला कांग्रेस का खाका तैयार, घोषणा कभी भी

CG Congressरायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि भिलाई शहर जिला कांग्रेस का खाका तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी ताकि चुनाव से पहले नए संगठन को काम करने का भी मौका मिले। श्री पुनिया ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जायसवाल, दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व सचिव अतुल चंद साहू, सेवादल के दुर्ग जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता से एक चर्चा के दौरान कही। उल्लेखनीय है कि श्री जायसवाल ने यह मुद्दा उस समय उठाकर सबको चौंका दिया था, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दुर्ग-भिलाई प्रवास पर आए थे। उन्होंने श्री जायसवाल की मांग पर मंच से ही जल्द इस विषय पर फैसले का आश्वासन दिया था। भिलाई शहर जिला कांग्रेस की मांग तीन दशक से अधिक पुरानी है। पहले यह कहा जाता था कि जहां नगर निगम होगा, जिला मुख्यालय के अलावा जिला कांग्रेस का गठन केवल वहीं किया जाएगा। भिलाई में नगर निगम बनकर भी दो दशक बीत चुके हैं। इसके बाद भी भिलाई शहर जिला कांग्रेस का गठन अब तक नहीं हो पाया है।
कांग्रेस के स्थानीय नेताओं का मानना है कि यदि भिलाई शहर जिला कांग्रेस का गठन हो जाता है तो यहां कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा। इससे नए पदाधिकारी बनेंगे तथा टीम भावना मजबूत होगी। अब तक दुर्ग के नेता ही भिलाई का भी नेतृत्व करते रहे हैं। फरवरी 2018 में पहली बार भिलाई की महिला कार्यकर्ता तुलसी साहू को दुर्ग जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *