शीत के आगमन से पूर्व रूंगटा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने वृद्धजनों को दिया शॉल
भिलाई। संजय रुंगटा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस द्वारा संचालित रुंगटा पब्लिक स्कूल द्वारा वृद्धाश्रम में जरूरतमंदों को शाल प्रदान किया गया। विद्यालय अपने समाज कल्याण प्रकोष्ठ के माध्यम से समय-समय पर अनाथ बच्चों, एकाकी वृद्धों की सहायता सहित अनेक समाज कल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी देता है। इसी तारतम्य में विद्यालय की छात्र समिति एवं शिक्षकों के दल ने मिशनरीज ऑफ़ चैरिटी द्वारा संचालित मदर टेरेसा वृद्धाश्रम पहुंच कर 70 जरूरतमंद वृद्धजनों को उपहार स्वरूप शाल प्रदान किया।
छात्रों से उपहार स्वरूप शाल प्राप्त कर वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे एवं उन्होंने छात्रों को आशीर्वाद दिया। विद्यालय प्रमुख अरूप मुखोपाध्याय ने बताया कि विद्यालय के छात्र इस प्रकार की अनेक गतिविधियों द्वारा समाज के उपेक्षित वर्गों के कल्याण हेतु तत्पर रहते हैं। दीपावली के अवसर पर 70 जरूरतमंद वृद्धजनों को शाल प्रदाय कर छात्रों ने दीपावली को सही अर्थों में सार्थक बनाया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय भविष्य में समय-समय पर ऐसी समाज कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।












