कबीर आश्रम के 92 सदस्यों ने अब तक की देहदान की वसीयतें

92 members of Kabir Ashram make body donation declarationभिलाई। निर्मल ज्ञान मंदिर, कबीर आश्रम, नेहरू नगर के 14 सदस्यों ने एक साथ देहदान की वसीयतें कीं। इसके साथ ही इस आश्रम से देहदान करने वाले सदस्यों की संख्या अब 92 हो गई है। सामाजिक संस्था प्रनाम के माध्यम से देहदान करने वाले इन 14 नए सदस्यों में पांच दम्पत्ति शामिल है। विगत 4 वर्षों के दौरान आश्रम के 92 सदस्य देहदान की वसीयत कर चुके हैं। इनमें से दो देहदानी स्व. वेदकुंवर साहू और स्व. केजाबाई साहू की पार्थिव काया समर्पित की जा चुकी है। मंच पर उपस्थित संत निष्ठा साहेब से सभी 14 देहदानियों द्वारा आशीर्वाद लेने के पश्चात अपनी देहदान की वसीयतें संत जी के माध्यम से प्रनाम के पवन केसवानी को सौंपी। देहदान की ये वसीयतें एम्स रायपुर, शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज रायपुर और राजीवलोचन आयुर्वेदिक कॉलेज चंदखुरी आदि विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के नाम जारी की गई है।
कबीर आश्रम के जिन 14 सदस्यों ने देहदान की वसीयतें की हैं उनमें वैशाली नगर निवासी डॉ.हीरा लाल साहू और उनकी पत्नी संतमति साहू, स्मृतिनगर निवासी पेमादास साहू और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी साहू, खम्हरिया भाटा निवासी डॉ घासीराम साहू और उनकी पत्नी उषोमति साहू , बोरसी निवासी पोषण लाल साहू और उनकी पत्नी परसुती साहू, ग्राम छांटा निवासी जैन लाल चेलक और उनकी पत्नी बहरीन बाई के अलावा रिसाली निवासी विजयकांत दादर,चौहान टाउन निवासी श्रीमती चंपा बाई साहू व श्रीमती हर्षा त्रिवेदी और मॉडल टाउन निवासी जीवन कुमार साहू शामिल हैं। इस अवसर पर निर्मल ज्ञान मंदिर आश्रम के सचिव आत्माराम साहू, गौकरण लाल साहू, महेंद्र कुमार साहू, खिलावन साहू एवं शिवकुमार साहू, छत्तीसगढ़ सिख पंचायत भिलाई-दुर्ग के अध्यक्ष जसबीर सिंह चहल, महासचिव गुरुनाम सिंह कुका एवं उपाध्यक्ष बलदेव सिंह आदि की विशेष सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *