तामस्कर साइंस कॉलेज में मनाया गया अमृत महोत्सव
दुर्ग। एनएसएस इकाई द्वारा आजादी के 75 वे वर्ष पर व्याख्यान का आयोजन किया गया जिसमें आजादी 75 वर्ष एक चिंतन विषय पर छात्र छात्राओं ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ आर एन सिंह के मार्गदर्शन पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता हिंदी विभाग के प्राध्यापक प्रो थानसिंह वर्मा ने आजादी के 75 वर्षों में हमने क्या पाया और क्या प्राप्त करना शेष रह गया। इस पर बड़ी सूक्ष्मता से अपने विचार रखे।उन्होंने छात्र छात्राओं से आवाहन किया कि इन वर्षों में हमने बहुत कुछ पाया है, समूचे विश्व में भारत ने अपना परचम लहराया है, परंतु अभी बहुत सी चुनौतियां शेष हैं, जिन पर पूरे देश वासियों को काम करना है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो जनेंद्र कुमार दीवान ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आजादी को बचाए रखना भी एक महती जिम्मेदारी है। हमारे पुरखों ने आजादी दिलाई, हमें उन्हें संभाले रखना है। और अपने राष्ट्र को सबसे उच्च शिखर पर लेकर जाना है। जिससे गांधी जी के रामराज का सपना साकार हो सके।
कार्यक्रम में डेनिल, पारस, देवश्री, केवल सिंह सहित बहुत से एनएसएस स्वयं सेवक उपस्थित थे।












