गर्ल्स कॉलेज में हिन्दी दिवस पर व्याख्यान का आयोजन
दुर्ग। शासकीय डॉ वावा पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग द्वारा हिन्दी दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रीता गुप्ता, सहायक प्राध्यापक हिन्दी, शासकीय दानवीर तुलाराम महाविद्यालय, उतई के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा होती है। यह उसकी अस्मिता है, आन-बान और शान है। देश की उन्नति चाहते हैं तो हमें अपने भाषा से स्नेह करना चाहिए।
उन्होंने भारतेन्दु हरिशचन्द्र की हिन्दी से संबंधित पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि- ‘‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा ज्ञान के, मिटत न हिय को शूल।।’ ’उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं का जानना और सीखना अच्छी बात है किन्तु जब हमारी अस्मिता की बात आती है तब हमें हिन्दी को महत्व देना चाहिये।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील चन्द्र तिवारी ने कहा कि हिन्दी सबसे बड़ी संपर्क भाषा है विश्व स्तर पर अंग्रेजी भाषा का ही प्रयोग होता है किन्तु अर्थ यह नहीं कि हमारी भाषा पिछड़ी है, हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का सब से उच्च माध्यम हिन्दी ही है, उन्होंने साहित्य लेखन के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया।
डॉ. ऋचा ठाकुर ने कहा कि हिन्दी को राजभाषा का दर्ज 14 सितम्बर 1949 को प्राप्त हुआ, आज बोलचाल में अंग्रेजी का बर्चस्व हो गया है ‘श’ का उच्चारण स के रूप में करते है ये गलत है उच्चारण शुद्ध होना चाहिये। उसे सम्मान देना चाहिये।
ज्योति भरणे ने कहा कि हिन्दी विश्व की समृद्धतम भाषाओं में से एक है भारत के विशाल-भूभाग में बोली जाने वाली भाषा हिन्दी में भारत वासियों की आत्म मुखरित होती है।
इस अवसर पर हिन्दी विभाग की खुशबू हरमुख, निधि ताम्रकार, फलेश्वरी, पूजा चेलक, वर्षा, लक्ष्मी साहू, भूमिका साहू, रिया बारले आदि अनेक छात्राओं ने इस अवसर पर अपने विचार रखे। हिन्दी दिवस पर स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग की छात्राओं का परिषद गठन किया गया जिसमें भूमिका साहू-अध्यक्ष, उपाध्यक्ष-किरण सोनबेर, सचिव-पूजा चेलक, सहसचिव-गीतांजली, साहित्यिक व सांस्कृतिक सचिव खुशबू हरमुख का मनोनयन किया गया।
प्राचार्य द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन हर्षिता व आभार प्रदर्शन डॉ. यशेश्वरी ध्रुव ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुचित्रा खोब्रागढ़े, डॉ. मोनिया राकेश व छात्रायें उपस्थित रहीं।