Boating facilities to reopen in Sondur reservoir Dhamtari

सोंदूर जलाशय में जल्द ही शुरू हो जाएगी नौका विहार की सुविधा

धमतरी। सोंदूर जलाशय में नौका विहार का शुभारंभ सितम्बर 2022 में क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। बीच में कुछ समय के लिए यह सुविधा बंद कर दी गई थी पर प्रशासन ने अब सभी गतिरोधों को दूर कर लिया है। एक बार फिर से पर्यटकों को यहां नौका विहार की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। सोंदूर जलाशय में नौका विहार से बेलरबाहरा, बरपदर एवं मेचका की वन प्रबंधन समितियों को लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। प्राप्त राशि से आवश्यक पर्यटक सुविधाओं का विकास किया गया, नौका चालकों को मानदेय दिया गया तथा वन विभाग द्वारा पैडल बोट एवं चप्पू नाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
पर्यटक स्थल पर केवल बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए  10 रुपए प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया था, जिससे बैरियर प्रभार, साफ-सफाई एवं व्यवस्थागत कर्मियों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। यह शुल्क स्थानीय ग्रामीणों पर लागू नहीं था। किंतु, आपसी असहमति एवं विवाद के चलते शुल्क वसूली बाधित हुई, जिससे नौका विहार संचालन धीरे-धीरे प्रभावित हुआ।
वर्तमान में वन विभाग द्वारा संबंधित ग्रामीणों एवं वन प्रबंधन समितियों के साथ संवाद एवं समन्वय की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक समितियों से सहमति प्राप्त कर, आवश्यक शर्तों एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ नौका विहार को पुन: प्रारंभ करने का प्रस्ताव है।
जिला प्रशासन एवं वन विभाग पर्यटन गतिविधियों के संवर्धन हेतु निरंतर प्रयासरत हैं। आपसी समन्वय स्थापित होते ही सोंदूर जलाशय में नौका विहार को पुन: सुचारू रूप से आरंभ किया जाएगा, जिससे न केवल पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर भी पुन: सृजित होंगे।

#SondurDasDhamtari #Tourism #WaterTourism #Boating

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *