आज गुण्डे पुलिस को पीट रहे, कल आपको और हमको पीटेंगे
पटना। बढ़ रहे अपराध और घट रहे कन्विक्शन रेट पर जहानाबाद के विधायक राहुल कुमार शर्मा ने बिहार सरकार को आईना दिखा दिया। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पर बोलते हुए राहुल शर्मा ने कहा कि ‘हर तरफ लाशें बिखरी हैं, लेकिन कातिल का पता नहीं।’ उनके पूरे भाषण में से ज्यादातर समय सत्तापक्ष के नेता चुप दिखे।
राहुल कुमार शर्मा ने गृह विभाग के अनुदान की मांग के कटौती प्रस्ताव का समर्थन किया पर इसके बाद उन्होंने बेहद संजीदगी से अपनी बात रखी। राहुल कुमार ने कहा कि ‘देखोगे तो हर मोड़ पर मिल जाएंगी लाशें, ढूंढोगे तो कातिल नहीं मिलेगा।
राहुल कुमार ने कहा कि ‘शुरू में NDA सरकार ने अच्छा काम किया लॉ एंड ऑर्डर पर। लेकिन बाद में गड़बड़ाती चली गई। कानून व्यवस्था बेहतर रहनी चाहिए, कोई भी आदमी, नेता ऐसा नहीं चाहेगा कि कानून व्यवस्था खराब हो जाए। गुंजन खेमका-गोपाल खेमका हत्याकांड में कहां है कन्विक्शन। सहरसा में चाऊमीन बेचने वाली महिला की वसूली के लिए हत्या कर दी गई।’
राहुल ने कहा, जहानाबाद में पुलिस ने तीन दिन में एक गायब बच्ची को ढूंढ निकाला था, हमने पुलिस की तारीफ की। लेकिन फिर से तीन बच्चियां गायब हो गईं। बिहार में कई अच्छे अफसर हैं, लेकिन अगर आप उन पर लगाम रखे रहेंगे, काम नहीं करने देंगे, सिर्फ आंकड़ों के खेल में उलझाएंगे, सरकार की छवि बचाने में लगाए रखेंगे तो काम नहीं होगा।’
विधायक राहुल कुमार ने आगे कहा कि ‘शराबंबदी की समीक्षा करने के लिए कहते हैं तो आपको बुरा लगता है। 10 साल का मूल्यांकन कीजिए तो एक लाख करोड़ रुपयों की शराब माफिया की समानांतर अर्थव्यवस्था खड़ी हो गई है। ये सरकार का मुंह चिढ़ा रही है। सूखा नशा बिहार में कारोबार बन गया है। दिन ब दिन सूखे नशे के कारोबारी खड़े हो रहे हैं। यही हाल रहा तो बिहार का हाल पंजाब जैसा हो जाएगा।
आखिर में राहुल कुमार शर्मा ने सम्राट चौधरी की क्लास लगा दी। उन्होंने कहा कि ‘हम सभी लोग एक साथ यहां बैठे हुए हैं। हमलोग को ये बात समझना चाहिए कि कुछ लोग इधर (विपक्ष) हैं तो कुछ उधर (सत्ता) में हैं। सवाल तो सबसे पूछा जाएगा। पुलिस को बालू माफिया घाटों पर दौड़ा कर पीट रही है। आज पुलिस को पीट रहे हैं, कल हमको और आपको पीटेंगे। आप रिटायर अफसरों की टीम बनाइए और जड़ में जाकर कारण तलाशिए।
#Lawandorder #Bihar












