ओपन नेशनल भारोत्तोलन में रेहान ने जीता स्वर्ण पदक, सांसद ने दी बधाई
राजनांदगांव/भिलाई। मोदीनगर में 3 से 14 फरवरी तक आयोजित प्रतिष्ठित ओपन नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजनांदगांव के होनहार वेटलिफ्टर रेहान खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूथ वर्ग के 94 किलोग्राम ग्रुप में स्वर्ण पदक अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
रेहान खान ने स्नेच में 125 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 161 किलोग्राम भार उठाकर कुल 286 किलोग्राम वजन के साथ गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने जिले राजनांदगांव बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उनकी यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन का परिणाम है।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को मिला एकमात्र स्वर्ण पदक रेहान खान के खाते में आया, जिससे प्रदेश का खेल गौरव और भी सुदृढ़ हुआ है। उनकी सफलता ने प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों में नया उत्साह और प्रेरणा का संचार किया है।
स्वर्ण पदक जीतने के पश्चात रेहान खान ने विजय बघेल (दुर्ग लोकसभा सांसद एवं प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ अध्यक्ष) से उनके निज निवास सेक्टर-5, भिलाई में सौजन्य भेंट कर गुलदस्ता भेंट किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने रेहान को मेडल पहनाकर उनका अभिनंदन किया। सांसद ने युवा खिलाड़ी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है।
इस अवसर पर प्रदेश वेटलिफ्टिंग संघ के उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, कोच अजय लोहार, रेहान के पिता मजहर खान, छबि राम विश्वकर्मा एवं कोमल सोनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने रेहान की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रेहान खान की यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाले समय में प्रदेश के अन्य खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। समस्त खेल प्रेमियों एवं जिलेवासियों की ओर से उन्हें बधाई एवं निरंतर सफलता की बधाई दी गई है।
#Weighlifting #Champion #MPVijayBaghel












