कब्र खोदकर निकाल लिया बच्ची का शव, तंत्र-मंत्र की आशंका
गुंडरदेही। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महाशिवरात्रि की रात शमशान घाट पर अज्ञात तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र कर मासूम की कब्र खोदकर उसकी खोपड़ी गायब कर दी। अगले दिन सुबह जब ग्रामीणों ने कब्र की हालत देखी, तो गांव में तनाव फैल गया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बच्ची की मौत तीन माह पहले बीमारी से हो गई थी।
मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद-बी का है। 3 महीने पहले बच्ची के शव को गांव के शमशान घाट में दफनाया गया था। 15 फरवरी की सुबह बच्ची की कब्र के पास मांस का टुकड़ा मिला। आसपास तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई थी। पुलिस की मौजूदगी में परीक्षण के लिए दोबारा शव खोदकर निकाला गया है। मामले में जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही माहुद (बी) निवासी जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह कब्र उनकी बेटी प्रिया साहू (लाडो) की है। 9 अक्टूबर 2025 को तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी।
परिवार अभी इस सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटी की कब्र से छेड़छाड़ की घटना सामने आ गई। जितेंद्र साहू के अनुसार, कब्र से सिर का कंकाल गायब है। आशंका है कि किसी अज्ञात तांत्रिक ने रात में कब्र की खुदाई कर सिर निकाल लिया और बाद में दोबारा मिट्टी डालकर कब्र को ढंक दिया।परिजनों और ग्रामीणों की शिकायत के बाद गुंडरदेही के एसडीएम ने धारा 505 के तहत कब्र की खुदाई की अनुमति दी। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे वीडियोग्राफी के बीच खुदाई कराई गई। लगभग चार फीट नीचे मासूम प्रिया का शव मिला, लेकिन परिजनों का दावा है कि शव से सिर गायब है। इसके बाद पुलिस ने शाम को शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
#TantraMantra #Exhumation












