कैलकुलेटर से भी तेज हैं 72 वर्षीय कन्हैयालाल अग्रवाल
रामानुजगंज। वैसे तो आज भी पुराने व्यापारी उंगलियों पर बीसियों अंकों को तुरत-फुरत में जोड़ घटा लेते हैं पर कन्हैयालालजी की बात ही कुछ और है। उन्होंने लोग यहां मानव कैलकुलेटर के नाम से बेहतर जानते हैं। रामानुजगंज नगर के 72 वर्षीय व्यापारी कन्हैयालाल अग्रवाल आज भी लंबा से लंबा हिसाब पलक झपकते ही जुबानी जोड़ लेते हैं। उनकी यह अद्भुत क्षमता लोगों को आश्चर्यचकित कर देती है।कन्हैयालाल अग्रवाल वर्षों से व्यापार से जुड़े हुए हैं। उनके अनुसार, उन्होंने अपने व्यापारिक जीवन की शुरुआत ऐसे समय में की थी जब न तो कैलकुलेटर आसानी से उपलब्ध थे और न ही डिजिटल साधन। उस दौर में हिसाब-किताब पूरी तरह दिमाग से किया जाता था। यही अभ्यास धीरे-धीरे उनकी आदत और फिर उनकी विशेष पहचान बन गया।वे बताते हैं कि उन्होंने शुरू से ही जोड़-घटाव, गुणा-भाग मानसिक रूप से करने का अभ्यास किया और कभी कैलकुलेटर पर निर्भर नहीं रहे।
आज भी वे बिना किसी मशीन की मदद के बड़ी रकम का हिसाब तुरंत लगा लेते हैं। उनकी यह दक्षता देखकर लोग अक्सर दंग रह जाते हैं और उन्हें चलता-फिरता कैलकुलेटर भी कहते हैंकन्हैयालाल अग्रवाल का मानना है कि मानसिक गणना न केवल दिमाग को तेज रखती है, बल्कि स्मरण शक्ति और एकाग्रता को भी मजबूत बनाती है। वे युवाओं को सलाह देते हैं कि तकनीक का उपयोग आवश्यक है, लेकिन उस पर पूरी तरह निर्भर होना ठीक नहीं। यदि दिमाग का उपयोग बंद कर दिया जाए, तो उसकी क्षमता धीरे-धीरे कमजोर पडऩे लगती है।नगरवासियों का कहना है कि कन्हैयालाल अग्रवाल केवल एक व्यापारी ही नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं। उनकी यह कला आज के डिजिटल दौर में यह संदेश देती है कि तकनीक सहायक हो सकती है, विकल्प नहीं।एआई और मोबाइल के इस आधुनिक समय में कन्हैयालाल अग्रवाल जैसे लोग यह सिद्ध करते हैं कि अभ्यास, निरंतरता और आत्मविश्वास से मानव मस्तिष्क आज भी किसी भी मशीन से कम नहीं है।
#HumanCalculator #KanhaiyalalAgrawal












