कॉन्फ्लूएंस कॉलेज ने ग्राम बघेरा में खेला नुक्कड़ नाटक, दिया संदेश
राजनांदगांव। कॉन्फ्लूएंस कॉलेज की बी.एड. प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम बघेरा में सामुदायिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति को समझना तथा उनमें शिक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। प्रो. विजय मानिकपुरी ने बताया की विद्यार्थियों द्वारा गाँव के विभिन्न वार्डों में जागरूकता रैली निकाली गई, रैली के दौरान शिक्षा के महत्व, स्वच्छ भारत अभियान, स्वास्थ्य सुरक्षा, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित नारे लगाए गए, जिससे ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश पहुँचा। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रचना पांडे ने बताया की ‘‘सामुदायिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कार्य भी किया गया। इस सर्वे के अंतर्गत परिवारों की शैक्षणिक स्थिति, छात्रों की विद्यालय उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएँ एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एकत्र की गई।’’ बी.एड. विद्यार्थियों ने कक्षा में बच्चों को सरल, रोचक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण विधियों से अध्ययन करना तथा उन्हें स्वच्छता, समय पालन, अनुशासन एवं नियमित अध्ययन के महत्व से अवगत कराया। विभागाध्यक्ष प्रीति इंदौरकर ने बताया कि भ्रमण के अंतर्गत ग्राम के विभिन्न वार्डों में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने, नशामुक्ति अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन की अतिथि सरपंच ऐश्वर्या देशमुख एवं उप सरपंच ने कहा कि यह सामुदायिक भ्रमण बी.एड. विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी, अनुभववर्धक एवं शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ। साथ ही उन्होनें बताया कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला, जिससे उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कुशल शिक्षक बनने की भावना का विकास होगा। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को प्रस्तुत किया, गीत संगीत के साथ नुक्कड़ नाटक द्वारा ग्रामवासियों को जागरूक किया। सामुदायिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ विभाग के प्राध्यापकों की उपस्थिति रही।
#ConfluenceCollege #NukkadNatak












