थैंक-यू भिलाई के मंच से विभूतियों का सम्मान, प्लास्टिक फ्री की शपथ

थैंक-यू भिलाई के मंच से विभूतियों का सम्मान, प्लास्टिक फ्री की शपथ

भिलाई। भिलाई की स्थापना की स्मृति में शपथ फाउंडेशन, भिलाई द्वारा आयोजित थैंक-यू भिलाई कार्यक्रम इस वर्ष अत्यंत भव्य, भावनात्मक एवं ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। स्मारक पार्क, सिविक सेंटर में आयोजित इस आयोजन ने भिलाई की आत्मा, उसकी बहुसांस्कृतिक पहचान, सेवा-भावना और सामाजिक समरसता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। यह आयोजन अपने 9 सफल वर्षों की यात्रा पूर्ण कर 10वें वर्ष में प्रवेश किया।
शुरुआत धर्मगुरुओं की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। इसके पश्चात ‘थैंक-यू भिलाई’ के प्रतीकात्मक कट-आउट के साथ गुब्बारे उड़ाकर आयोजन का शुभारंभ किया गया, जिसने भिलाई के प्रति कृतज्ञता, गर्व और भावनात्मक जुड़ाव को नई ऊँचाई प्रदान की। अतिथि आईपी मिश्रा, मंत्री राकेश पाण्डेय, श्रुति यादव, राजेश चौहान, एसपी सुखनन्दन राठौड़, दिव्या भसीन ने दीप प्रज्ज्वलित किया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 9 विभूतियों को भिलाई नवरत्न सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, खेल एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सतत और प्रेरणादायी कार्य करने वाले नवरत्नों को सम्मानित कर भिलाई ने अपने सच्चे गौरव को नमन किया।
भिलाई नवरत्न सम्मान से सम्मानित होने वाली विभूतियाँ में चिकित्सा डॉ. प्रमोद बिनायके, साहित्यकार विनोद साव, शिक्षा सुश्री के. शारदा, समाजसेवा बंशी अग्रवाल, कला एवं संस्कृति में रितु वर्मा, उद्योग में जीतेन्द्र गुप्ता, महिला सशक्तिकरण में श्रीमती निधि चंद्राकर, खेल में श्री दलजीत सिंह थिंड तथा पर्यावरण संरक्षण में मुकेश पांडे को यह सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अलावा चतुर्भुज राठी को राम की रसोई के माध्यम से निरंतर अन्नसेवा हेतु, दीक्षा नागदेवे को शिक्षा, सेवा एवं सोनू सूद चैरिटी क्लब के माध्यम से किए गए मानवीय कार्यों हेतु तथा भूपेंद्र नेमा को बीएनआई के माध्यम से व्यापारिक एकता एवं सामाजिक सहभागिता को सशक्त करने हेतु सम्मानित किया गया।
इस वर्ष कुल 21 समाजों एवं संस्थाओं को समाज श्री सम्मान प्रदान किया गया, जिसने भिलाई की लघु भारत पहचान और विविधता में एकता की संस्कृति को सशक्त रूप से मंच पर प्रस्तुत किया। विकास जायसवाल के द्वारा हेरिटेज टॉक तथा भिलाई से जुड़े प्रश्न-उत्तर सत्र ने दर्शकों को सक्रिय सहभागिता का अवसर दिया।
उपस्थित जनसमूह को प्लास्टिक मुक्त भिलाई का संकल्प दिलाया गया तथा कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। स्वागत भाषण शपथ फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता द्वारा दिया गया, जबकि संस्था के संरक्षक एवं पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपति द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शपथ फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य विकास जायसवाल द्वारा किया गया। अंत में जितेन्द्र हासवनी द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
आयोजन को सफल एवं वृहद बनाने में मोहन राव, बी. पोलम्मा दीदी, अशोक साहू, हनी अंबेड, आशु महाजन, रश्मि सागर की विशेष भूमिका रही। अंत में आयोजकों ने भिलाईवासियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, सम्मानित अतिथियों, धर्मगुरुओं, कलाकारों, स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

#ThanQBhilai #ShapathFoundation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *