दिमाग के साथ आंख में धंसी थी डम्बल ट्यूमर, हाइटेक में हुई सर्जरी
भिलाई। खोपड़ी के भीतर डम्बल आकार के ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। इस डम्बल का एक हिस्सा जहां मस्तिष्क में धंसा हुआ था वहीं दूसरा हिस्सा आंख के कोटर में घुस गया था जिसके कारण आंख उबल कर बाहर आ गई थी। मरीज सिर दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंचा था पर जांच करने पर यह गंभीर समस्या सामने आई। न्यूरोसर्जन डॉ दीपक बंसल ने बताया कि मरीज के मस्तिष्क में दूसरी बार ट्यूमर बना था। उसका पहले भी किसी अन्य अस्पताल में इलाज हो चुका था।
डॉ बंसल ने बताया कि ओडीशा के कोरापुट अंचल के निवासी इस मरीज में कुछ साल पहले थायरॉयड कैंसर पाया गया था। इसके साथ उसके मस्तिष्क में एक मेटास्टाटिक ट्यूमर का पता चला था। दोनों की ही सफलतापूर्वक सर्जरी की जा चुकी थी। पर ऐसे मामलों में ट्यूमर के दोबारा लौटने की आशंका बनी रहती है। मरीज की मेडिकल हिस्ट्री लेने के बाद सबसे पहले उसकी एमआरआई कराई गई। एमआरआई में डम्बल शेप ट्यूमर का पता चला।
इंट्राक्रेनियल ट्यूमर के कारण मरीज को लगातार असहनीय सिर दर्द हो रहा था। साथ ही एक आंख बाहर को निकल आई थी। दरअसल, यह एक डम्बल शेप ट्यूमर था जो दो हिस्सों में होता है। इसका एक हिस्सा उसके आंख के कोटर में था। इस ट्यूमर के दबाव के चलते न केवल उसे सिरदर्द हो रहा था बल्कि आसपास की नसों पर दबाव पड़ने के कारण उसे दिखाई देना भी लगभग बंद हो चुका था।
मरीज की तत्काल सर्जरी प्लान की गई। सावधानी से दोनों ट्यूमरों को निकाल दिया गया। मरीज की आंख स्वतः अपनी जगह पर लौटने लगी है। अब उसे साफ-साफ दिखाई भी दे रहा है। मरीज की स्थिति काफी अच्छी है तथा जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह एक अत्यंत जटिल सर्जरी होती है जिसे हाईटेक की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
#dumbbellTumor #Intracranial #Intraorbital












