दुर्ग साइंस कालेज में पांच दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम
दुर्ग। देश में बढ़ती रोजगार संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए शासकीय वि. या. ता. स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, रसायन शास्त्र विभाग द्वारा पांच दिवसीय कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नांदी फाउंडेशन द्वारा गेट्स फाउंडेशन एवं महिंद्रा प्राइड क्लासेस के सहयोग से संचालित किया गया।

इस कार्यक्रम में एम.एस.सी तथा बी.एससी (औद्योगिक रसायन) के छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में रोजगारोन्मुखी कौशल, स्वतंत्र सोच एवं व्यावसायिक दक्षता का विकास करना है।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान जीवन कौशल, व्यावहारिक कौशल एवं रोजगार कौशल पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। छात्राओं को टीमवर्क, समय प्रबंधन, धन प्रबंधन,संघर्ष प्रबंधन,समूह चर्चा, ग्रूमिंग एवं स्वच्छता तथा सार्वजनिक भाषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह पांच दिवसीय कार्यक्रम पूर्णतः व्यावहारिक एवं गतिविधि आधारित रहा, जिससे विद्यार्थियों की सहभागिता बनी रही और उनके आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। सभी सत्रों का संचालन नांदी फाउंडेशन की प्रशिक्षक सुश्री डोना गुहा द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण अत्यंत प्रभावी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुनीता बी. मैथ्यू द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया एवं कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अजय कुमार सिंह ने कौशल और चरित्र के महत्व पर बल दिया एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किये। नांदी फाउण्डेशन के राज्य समन्वयक एवं विभाग के पूर्व छात्र पुष्पेन्द्र साहू द्वारा अपने सफलता के लिए विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्यक्रम के अपेक्षित परिणामों के बारे में जानकारी दी। अंत में डाॅ. अजय पिल्लई द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. व्ही.एस.गीते द्वारा किया गया। इस अवसर पर डाॅ. अनुपमा कश्यप, प्रोफेसर उपमा श्रीवास्तव, डाॅ. प्रेरणा कठाने एवं विभाग के सभी प्राध्यापक उपस्थित थे।
यह कार्यक्रम छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सक्षम नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
#VYTScienceCollege #SkillDevelopment












