नक्सल डेडलाइन : सात बड़े नक्सली ढेर, 71 लाख का था इनाम
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में नक्सल खात्मे की डेडलाइन को लगभग डेढ़ माह का वक्त रह गया है। इस बीच जहां बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं वहीं सुरक्षा बलों की कारर्वाई में कई नामचीन नक्सली ढेर हो चुके हैं। गढ़चिरोली पुलिस और सीआरपीएफ ने जिले के भामरागढ़ तालुका से सटे गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा क्षेत्र के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में 7 हार्डकोर माओवादियों को ढेर कर दिया गया। मारे गए माओवादियों पर महाराष्ट्र सरकार ने कुल 71 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
इस अभियान में सी-60 का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है। पुलिस को 3 फरवरी को सूचना मिली थी कि कंपनी नंबर-10 के शेष माओवादी और छत्तीसगढ़ के दलम सदस्य गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा के जंगलों में बड़ी वारदात की फिराक में डेरा डाले हुए हैं।
इसके बाद एसडीपीओ भामरागढ़ अमर मोहिते के नेतृत्व में सी-60 की 14 टुकड़ियों को तत्काल जंगल क्षेत्र में रवाना किया गया। 4 फरवरी को सर्च ऑपरेशन के दौरान घात लगाए बैठे माओवादियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान माओवादियों के दो ठिकाने ध्वस्त किए गए और बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।
जिला पुलिस ने मैनपुर के भालूडिग्गी व मटाल पहाड़ियों और जंगल में नक्सलियों के डंप किए हथियार बरामद किए हैं। हथियारों को बरामद करने के लिए ई-30 ऑप्स टीम ने करीब 36 घंटे सर्च अभियान चलाया। 6 स्थानों से 2 इंसास, एक-एक 303 राइफल व देशी कट्टा, एक बीजीएल लांचर, 12 बोर की 2 बंदूक, 02 सिंगल शॉट बंदूक, 127 जिंदा कारतूस, 8 नग मैग्जीन, 22 बीजीएल सेल और बंडल इलेक्ट्रिक वॉयर बरामद किए गए।
#NaxalDeadline #7InsurgentsKilled












