फोटो खींचने के लिए लाइट, कैमरा, ऐक्शन, कट के क्रम को याद रखें

फोटो खींचने के लिए लाइट, कैमरा, ऐक्शन, कट के क्रम को याद रखें

भिलाई। स्मार्ट फोन आने के बाद आज हर किसी के हाथ में कैमरा है। इससे न केवल तस्वीरें खींचना आसान हो गया है बल्कि उसे लगे हाथ शेयर करना भी संभव हो गया है। पर अधिकांश लोग अच्छी तस्वीरें नहीं खींच पाते। उन्हें लगता है कि अच्छी तस्वीरें केवल महंगे कैमरे से आती हैं। पर ऐसा है नहीं। यदि आप लाइट का ध्यान रखें, सही फ्रोम चुनें और कैमरा रोल करते हुए एक्शन करें तो अच्छी तस्वीरें सामान्य कैमरे से भी खीची जा सकती हैं।

सबसे पहले आते हैं फोटो-ग्राफी पर। इसका अर्थ है प्रकाश के उपयोग से ली गई तस्वीर। अर्थात प्रकाश का सही उपयोग ही इसका मूल है। सिनेमा या प्रोफेशनल फोटोग्राफी में कृत्रिम लाइट्स का उपयोग किया जाता है जो आपके पास नहीं है। इसलिए कोशिश करें कि ऐसी जगह चुनें जहां प्रकाश आपके सब्जेक्ट पर सामने से पड़ रही हो। उसके पीछे कोई तेज रोशनी न हो।

इसके बाद सही फ्रेम चुनें। यदि आप सिंगल फोटो खींच रहे हैं या रील्स अथवा शार्टस के लिए फोटोग्राफी कर रहे हैं तो कैमरा खड़े करें अन्यथा उसे आड़ा रखकर उपयोग करें। यह तब और भी जरूरी हो जाता है जब आपको तस्वीरें अखबार में छपने के लिए भेजनी हों। यदि आप ग्रुप फोटो खींच रहे हैं तो ध्यान रखें कि दोनों तरफ किनारे खड़े लोगों के आसपास पर्याप्त मार्जिन हो। इसके साथ ही ध्यान रखें कि कम से कम पूरा चेहरा फ्रेम में आ रहा हो।

अधिकांश कैमरा फोन लाइट, अपर्चर और फोकस खुद सेट कर लेते हैं। इससे काम आसान हो जाता है। पर यदि आप कुछ खास तस्वीरें लेना चाहते हैं तो मैनुअल मोड में जाएं और सही आईएसओ, अपर्चर और शटर स्पीड को खुद चुनें। इससे आपकी तस्वीरों में जान पड़ जाएगी।

तस्वीरें लेते समय हमेशा अपने विषय पर ध्यान केंद्रित करें। चाहे वह कोई व्यक्ति हो, प्रकृति की सुंदरता हो या कोई वस्तु हो, उसे पूरी तरह से कैद करने की कोशिश करें। अगर आप किसी व्यक्ति की फोटो ले रहे हों तो उसके भाव पर ध्यान दें और प्रकृति की तस्वीरें लेते समय उसके रंगों और आकृतियों पर ध्यान दें। इससे आपकी तस्वीरें और भी आकर्षक और पेशेवर दिखेंगी।
फोटोग्राफी एक ऐसी कला है, जिसमें नियमित अभ्यास बहुत जरूरी होता है। जितना ज्यादा आप फोटो खींचेंगे, उतना ही बेहतर आप बनेंगे। अलग-अलग परिस्थितियों में फोटो खींचने की कोशिश करें ताकि आपको हर स्थिति का अनुभव हो सके और आप हर परिस्थिति में अच्छा काम कर सकें। इन सरल लेकिन प्रभावी सुझावों को अपनाकर आप अपनी फोटोग्राफी कौशल को एक नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं और अपनी तस्वीरों में नया जीवन ला सकते हैं।

#CameraHacks #Photography

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *