बच्चों को कैंसर से बचाएगा निरामय फाउंडेशन, राज्य का बंधन नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में निरामय कैंसर फाउंडेशन ने गरीबी रेखा से नीचे आने वाले बच्चों के लिए एम्स रायपुर में निशुल्क कैंसर जांच कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के अंतर्गत कैंसर की आशंका वाले बच्चों की पूरी जांच बिल्कुल मुफ्त करवाई जा रही है, ताकि किसी बच्चे को पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। यह सुविधा ओडीशा और तेलंगाना के बच्चों को भी मिल रही है।
फाउंडेशन की पहल से पिछले 8 सप्ताह में 35 बच्चों की कैंसर जांच पूरी तरह निशुल्क करवाई जा चुकी है। इनमें अधिकांश बच्चे बस्तर, सरगुजा, जशपुर जैसे दूरस्थ इलाकों से हैं। ओडिशा और तेलंगाना के बच्चों की भी मुफ्त जांच की गई है। निरामय कैंसर फाउंडेशन की संचालिका सुदेशना रुहान ने बताया कि कैंसर इलाज तभी सफल होता है, जब बीमारी की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए। लेकिन जांच पर 7 हजार से लेकर 25हजार रुपए तक खर्च करने होते हैं जो इन परिवारों के पास नहीं होते।
बीपीएल कार्ड धारकों के लिए आयुष्मान कार्ड 5 लाख रुपए तक इलाज का खर्च उठाता है, लेकिन शुरुआती जांच इसके अंतर्गत नहीं आती। कई जरूरी जांच रायपुर एम्स में उपलब्ध नहीं होती, जिस कारण बाहर की लैब में जांच करानी पड़ती है।जांच महंगी होती, जिसमें बल्ड टेस्ट से लेकर बायोप्सी और पेट स्कैन तक शामिल हैं।
सुदेशना रुहान ने कहा कि इसी वजह से निरामय कैंसर फाउंडेशन सारदा एनर्जी लिमिटेड की मदद से बच्चों की जांच का पूरा खर्च उठा रहा है। उद्देश्य साफ है कि छत्तीसगढ़ में कोई बच्चा सिर्फ महंगे जांच खर्च की वजह से इलाज से वंचित न रहे। निरामय कैंसर फाउंडेशन पिछले तीन सालों से छत्तीसगढ़ को कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
सुदेशना रुहान ने बताया कि महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली जैसे राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में सामाजिक सहभागिता और फंडिंग कम है। इसी कारण कई पहलें सीमित संसाधनों में चलाई जा रही हैं। निरामय कैंसर फाउंडेशन ने औद्योगिक समूहों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की पहलों में सहयोग करें, ताकि बच्चों को समय पर जांच और इलाज मिल सके।
#FreeCancerScreening #NiramayahCancerFoundation












