बिलासपुर में सरेराह डकैती, व्यापारी को मार कर 3.35 करोड़ उड़ाया
बिलासपुर। मंगलवार रात को यहां एक सराफा व्यापारी को बीच सड़क रोककर उसे न केवल गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया बल्कि कार में रखे 2.2 किलोग्राम सोना और साढ़े तीन लाख रुपए नगद ले जाने में वे सफल रहे। पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। घायल सराफा कारोबारी एक निजी अस्पताल के आईसीयू में दाखिल है।
अरपापार स्थित पॉश कॉलोनी राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर वसंत विहार चौक में महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। सराफा कारोबारी संतोष बिक्री के लिए दुकान में रखे सोने के जेवरों को रोज कार से लाना-ले जाना करते हैं। मंगलवार रात करीब 8.30 बजे वो दुकान बंद कर अपनी कार में गहनों को रखकर घर जा रहे थे। अभी वो राजकिशोर नगर कॉलोनी के बीएसएनल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचे। उसी समय सामने एक सफेद रंग की कार (सीजी 10 बीजे 8147) खड़ी थी।
उनकी कार आते देखकर सामने कार में सवार ड्राइवर ने टक्कर मार दी, जिससे सराफा कारोबारी की कार पर डैश लगा। जिसके बाद वो कार से बाहर निकले। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने प्लानिंग के तहत सराफा कारोबारी से विवाद शुरू किया, जिसके बाद पिस्टल निकालकर मारपीट करने लगे।
इस बीच लुटेरों के बाइक सवार साथी भी वहां पहुंच गए। लुटेरों ने पिस्टल तान दिया। झूमाझटकी के दौरान पिस्टल से मैग्जीन नीचे गिर गया, जिसके बाद लुटेरों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से कारोबारी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में संतोष तिवारी खून से लथपथ होकर बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें छोड़कर लुटेरे उनकी कार लेकर फरार हो गए।
खून से लथपथ घायल सराफा कारोबारी संतोष दौड़ते हुए अपने घर गए, जहां अपने साले के साथ सरकंडा थाना पहुंचे और लूट की जानकारी दी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहीं, लूट की खबर मिलते ही टीआई प्रदीप आर्य सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। सीएसपी निमितेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल भी घटनास्थल पहुंचे।
शहर में हुई लूट की बड़ी वारदात की खबर मिलते ही IG रामगोपाल गर्ग भी घटनास्थल पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मौके को सील कर बारीकी से जांच की गई। जांच के लिए सर्च डॉग, फोरेंसिक टीम और फिंगर एक्सपर्ट को भी बुलाया गया।
आईजी ने शहर के साथ ही जिले और पड़ोसी जिलों में भी नाकेबंदी कराने के निर्देश दिए। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि लूट की वारदात के बाद पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। पुलिस सभी एक्जिट पाइंट पर नाकेबंदी कर कार की तालाश कर रही है। देर रात तक सभी संभावित ठिकानों में भी पुलिस दबिश दे रही।
वारदात के बाद लुटेरे अपनी बाइक और कार मौके पर छोड़ गए हैं। पुलिस को उम्मीद थी कि कार और बाइक के जरिए बदमाशों की पहचान आसानी से की जा सकती है। लेकिन, जब पुलिस ने कार और बाइक की जानकारी जुटाई, तब पता चला कि लुटेरों ने चोरी की वाहनों को वारदात में इस्तेमाल किया है।
इस वारदात के बाद से पुलिस टीम लगातार लुटेरों की तलाश में जुट गई है। शहर के आउटर इलाकों की तलाशी ली गई। खुद आईजी गर्ग सीपत क्षेत्र में घूमते रहे। इस दौरान शहर के आउटर में उरतुम के पास सराफा कारोबारी की कार बरामद हुई है। आशंका है कि लुटेरों की संख्या करीब आधा दर्जन रही होगी। उनके गिरोह का सदस्य दूसरी गाड़ी से आउटर में उनका इंतजार कर रहा था। प्लानिंग के तहत लुटेरों ने आउटर में कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हो गए।
माना जा रहा है कि लुटेरों ने कारोबारी की रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। उन्हें कारोबारी के रात में घर आने और जाने के रूट की खबर थी। आरोपी दुकान बंद करने के बाद से ही उसके पीछे थे। पुलिस ने रूट के अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज में बाइक सवारों को कारोबारी के पीछा करते पाया है।
घायल कारोबारी संतोष तिवारी को घटना के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें ओटी में सिर के चोट की जांच की गई। उनके सिर में कई जगह गहरा जख्म लगा है, जिसमें 50 टांके लगे हैं। देर रात उन्हें आईसीयू रूम में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल में पुलिस और घायल के परिजन बड़ी संख्या में देर रात तक मौजूद थे।
मौके पर फोरेंसिक के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी मौजूद थी। स्निफर डॉग मौके पर आरोपियों की गंध पाने के बाद तेजी से ओम पैलेस अटल आवास की तरफ भागा। इसी दिशा से आरोपियों को भागने की बात कॉलोनी के लोगों ने भी पुलिस को बताई है। IG रामगोपाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी से लूट की घटना समाने आई है। नाकेबंदी और टेक्नीकल इनपुट के जरिए आरोपियों को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर किसी ने गोली की आवाज नहीं सुनी है। एक मैगजीन और कुछ राउंड्स जरूर मिले हैं। मौके पर मिली दो में से एक गाड़ी संभवत चोरी की है, उसकी और डिटेल निकाले जा रहे हैं।
#Bilaspur #dacoity












