बीएसपी की 'सेल शाबाश योजना'; 15 चिकित्सा कर्मचारी सम्मानित

बीएसपी की ‘सेल शाबाश योजना’; 15 चिकित्सा कर्मचारी सम्मानित

भिलाई। सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरक पहल के रूप में ‘सेल शाबाश योजना’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 2023 में इस योजना की शुरुआत के पश्चात यह प्रथम अवसर है जब इसे चिकित्सा विभाग में प्रभावी रूप से लागू किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का परिचय देने वाले 15 अनुकरणीय कार्यपालक एवं गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार ने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवा के उच्च मानकों को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में सेल की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मान्यता कर्मचारियों को उत्कृष्टता एवं व्यावसायिक गौरव की ओर प्रेरित करती है।

श्रेणी- 1 के अंतर्गत सम्मानित कर्मचारियों चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेख आर. इलाही, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिरिकी धीरज, सहायक प्रबंधक सुनीता साहू, स्टाफ नर्स संदीप कुमार, स्टाफ नर्स शोभना नायर, जूनियर एमटी पीआर जयभास्कर, एमटीए बलराम साहू, जूनियर स्टाफ नर्स दीनदयाल जोगी, एमटीए शिव कुमार तथा एच.ए. मकसूदन सम्मिलित रहे।

श्रेणी-2 के अंतर्गत उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके डहरवाल, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तनुजा आनंद, उप प्रबंधक बीएच वेंकट नरसिम्हम, स्टाफ एसोसिएट दीपक उपलांचीवार तथा एम.ओसीटी डी. जगपति राव को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त ‘कार्मिक विवाह उपहार योजना’ के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार द्वारा नवविवाहित कर्मचारियों—डॉ. लोचन कुमार साहू, डॉ. सुलभ साहू तथा अमित कुमार मीणा (जूनियर स्टाफ नर्स) को वैवाहिक उपहार प्रदान किए गए। विशेष सम्मान के अंतर्गत गणतंत्र दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रस्तुति हेतु डॉ. अनिरुद्ध मेने को शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) शाहिद अहमद, विभिन्न विभागाध्यक्षगण, डॉ. अनिरुद्ध मेने, डॉ. संतोष नशीने, शैला अब्राहम (डिप्टी मैनेजर, नर्सिंग प्रशासन) तथा शीबा थॉमस (एचआर-मेडिकल) सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

#SAILShabashScheme #JLNHospitalBhilai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *