महज 1000 रुपये के लिए दोस्तों से करवाया पत्नी का रेप

महज 1000 रुपये के लिए दोस्तों से करवाया पत्नी का रेप

बदायूं । उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने लालच में आकर अपनी ही पत्नी को अपने दो दोस्तों के हवाले कर दिया, जिसके बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और सनसनी फैल गई है।
पीडि़ता के अनुसार, 6 फरवरी को उसका पति उसे गैस चूल्हे से संबंधित कागजात बनवाने के बहाने घर से बाहर ले गया। जब दोनों सुरैनी पापड़ी तिराहे के पास पहुंचे, तो वहां पति के परिचित पप्पू और बालकिशन पहले से मौजूद थे। आरोप है कि पति ने महज एक हजार रुपये के बदले अपनी पत्नी को उनके साथ भेज दिया और किसी काम का बहाना बनाकर मौके से चला गया। जाते समय उसने पत्नी से कहा कि वह उसके दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट आए।
आरोपियों ने महिला को घर ले जाने के बजाय रास्ते में एक सुनसान यूकेलिप्टस के बाग में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंचकर जब पीडि़ता ने अपने पति को पूरी घटना बताई, तो उसने न तो कोई पछतावा दिखाया और न ही सहानुभूति। पीडि़ता का आरोप है कि पति ने कहा कि वह आगे भी इसी तरह उससे पैसे कमाएगा। इसके बाद पीडि़ता ने अपने जेठ को सूचना दी और थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर के आधार पर पति सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

#Wiferentedforrape

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *