मैत्री बाग के फ्लावर शो में 25 फीट का शेर, 30 फीट का बारासिंघा
भिलाई। भारत रूस मैत्री के प्रतीक भिलाई इस्पात कारखाना और उसका मैत्री बाग हमेशा से सैलानियों को आकर्षित करते रहे हैं। मैत्री बाग में फरवरी माह में होने वाला फ्लावर शो शहर एक खास आकर्षण रहा है। इस साल भी फ्लावर शो का आयोजन किया गया। इसमें फूलों और वनस्पति से बने शेर और बारहसिंघा के विशाल माडलों ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
इस विशेष आयोजन ने प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। इस फ्लावर शो में बीएसपी और नॉन-बीएसपी के रेसिडेंशियल हाउस गार्डन ने हिस्सा लिया, जिसमें सेक्टर 1 से सेक्टर 10 तक के प्रतिभागी शामिल रहे। इसके अलावा हॉस्पिटल सेक्टर, मरोदा सेक्टर, रिसाली और रूआबांधा क्षेत्र के प्रतिभागियों ने भी इसमें भाग लिया।
इस फ्लावर शो में कई किस्मों के फूलों को प्रदर्शित किया गया। फूलों की विभिन्न श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को रंगों और खुशबुओं से सराबोर कर दिया। फ्लावर शो को देखने हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे। सिर्फ भिलाई ही नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों से भी पर्यटक इस खूबसूरत नजारे को देखने आए थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने यहां की सजावट और अनोखी प्रदर्शनी का भरपूर आनंद लिया।
आयोजन के तहत हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के स्कूल गार्डन, पॉटेड प्लांट, कट फ्लावर, फ्लोरल डेकोरेशन, फल और सब्जियों से बने मॉडल ने दर्शकों का दिल जीता. इसेक अलावा रंगोली, माला निर्माण, बुके और सलाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। किंग ऑफ द शो और क्वीन ऑफ द शो जैसे आकर्षक पुरस्कार भी प्रतिभागियों को प्रदान किए गए, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया। इस अवसर पर पर्यटकों का कहना था कि भिलाई की पहचान बन चुका यह फ्लावर शो हर बार नई ऊर्जा और खुशी देता है।
प्रदर्शनी में गुलाब, गेंदा, डहलिया, सूरजमुखी, चम्पा सहित अनेक किस्मों के फूलों की विभिन्न वैरायटी एक ही स्थान पर देखने को मिली। फूलों की खुशबू और रंगों से पूरा परिसर महक उठा। इसके साथ ही फलों और सब्जियों को भी विशेष तरीके से सजाकर प्रदर्शित किया गया, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
फूलों से बनाए गए डायनासोर व हिरन की प्रतिमाएं मैत्रीबाग परिसर को इस अवसर पर बेहद सुंदर तरीके से सजाया गया था। यहां मौजूद शेर, डायनासोर और हिरन की विशालकाय प्रतिमाएं पर्यटकों को खूब पसंद आई। लोग 25 फीट के शेर और 30 फीट के बारासिंघा के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। प्रदर्शनी के दौरान 3डी डिजिटल रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
कलाकारों ने रंगोली के माध्यम से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सहित वर्तमान में घटित घटनाओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मैत्रीबाग प्रभारी डॉ. एन.के जैन ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को बागवानी के प्रति प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इस दौरान लोगों ने नौका विहार का भी आनंद उठाया और पूरे दिन मैत्रीबाग में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
#FlowerShow #MaitriBagBhilai #BhilaiSteelPlant












