राजस्थान अग्निकांड : बारूद के बीच बैठी दिखीं बच्चों संग माताएं

राजस्थान अग्निकांड : बारूद के बीच बैठी दिखीं बच्चों संग माताएं

भिवाड़ी। पटाखों का धंधा, दूसरे राज्यों के गरीब मजदूर, खर्राटे ले रहा प्रशासन किसी हादसे का ही तो इंतजार करते हैं। यही तो रहा था खुशखेड़ा की उस फैक्ट्री में जहां स्टील फेब्रिकेशन के नाम पर पटाखों की अवैध फैक्ट्री चल रही थी। भीतर अपनी माताओं के साथ छोटे बच्चे भी खेल रहे थे। जो थोड़े बड़े थे, वे अपनी मां का हाथ बंटा रहे थे।

राजस्थान के खुशखेड़ा में 7 मौतों के बाद फैक्ट्री का एक वीडियो सामने आया है। इस अवैध फैक्ट्री में महिलाएं और मासूम बच्चे बिना किसी सुरक्षा के बारूद के ढेर पर बैठकर पटाखे बनाते दिख रहे हैं। यूपी-बिहार के इन गरीब मजदूरों की जान से खिलवाड़ कर रहे संचालकों ने श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ा दी हैं।

प्रशासन की दबिश से ठीक पहले का यह वीडियो चीख-चीख कर गवाही दे रहा है कि कैसे चंद रुपयों के लालच में मासूम बच्चों और महिलाओं को ‘मौत के सामान’ यानी बारूद के बीच झोंक दिया गया था। रीको के प्लॉट नंबर G-1/682 में कागजों पर तो ‘स्टील फैब्रिकेशन’ की यूनिट चल रही थी, लेकिन हकीकत में इसके अंदर अवैध पटाखों का जखीरा तैयार हो रहा था।

प्रशासन ने मंगलवार को इस फैक्ट्री को सील तो कर दिया, लेकिन बुधवार को सामने आए वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे, जिनकी उम्र स्कूल जाने की है, वे पटाखों की पैकिंग और बारूद भरने के काम में लगे हैं। भारी संख्या में महिलाएं बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ज्वलनशील पदार्थों के बीच बैठी हैं। सबसे खौफनाक मंजर वह है जहां महिलाएं काम कर रही हैं, वहीं उनके पास ही उनके दूधमुंहे बच्चे खेल रहे हैं। एक छोटी सी चिंगारी यहां लाशों का ढेर बिछा सकती थी।
जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री संचालक ने उत्तर प्रदेश और बिहार से गरीब परिवारों को बुलाया था। उन्हें फैक्ट्री और गोदाम के आसपास ही रहने की जगह दी गई थी ताकि वे दिन-रात बारूद के साये में काम कर सकें। श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए इन मजदूरों से बंधुआ जैसा काम लिया जा रहा था।

खैरथल एसपी मनीष चौधरी ने कहा कि यह न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी है, बल्कि बाल श्रम कानूनों का भी जघन्य उल्लंघन है। ज्वलनशील पदार्थों के बीच बच्चों से काम कराना गंभीर अपराध है और इस मामले में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।

#KhushkhedaBlast #IllegalFireworksFactory

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *