रायपुर में NSD का भारत रंग महोत्सव 3 से 8 फरवरी तक
रायपुर। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती उत्सव के अवसर पर भारत रंग महोत्सव का आयोजन 3 फरवरी से 8 फरवरी के मध्य दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में शाम 6:30 बजे से आयोजित किया गया है। उक्त जानकारी रंगकर्मी एवं गायिका गरिमा दिवाकर एवं रंगकर्म के विख्यात चिंतक योगेन्द्र चौबे ने दी। पत्रकारवार्ता में गरिमा ने बताया कि 3 फरवरी के शाम पारो निर्देशक विवेक कुमार, निर्देशक शारदा सिंह, संस्था प्रस्तुति बिहार का प्रदर्शन किया जाएगा। 4 फरवरी शास्ति लेखक बीरू मुखोपाध्याय, निर्देशक विधान चन्द्र हालदार, संस्था गोबर डांगा, रंगभूमि पश्चिम बंगाल का प्रदर्शन किया जाएगा। 5 फरवरी को फिर आषाढ़ का दिन लेखक मोहन-राकेश निर्देशक तनूज, संस्था द राईजिंग सोसायटी ऑफ आर्ट एण्ड कल्चर भोपाल मध्यप्रदेश की प्रस्तुति दी जाएगी। 6 फरवरी को सीढ़ी दर सीढ़ी उर्फ तुक्के पर तुक्का लेखक राजेश जोशी, निर्देशक बंशी कौल, संस्था रंग विदूषक भोपाल की प्रस्तुति दी जाएगी। 7 फरवरी को को जानी कहां लेखक दुर्गेश सोनी, निर्देशक अन्नपूर्णा सोनी, संस्था दर्पण रंग समिति कटनी मध्यप्रदेश की प्रस्तुति पेश की जाएगी। समापन समारोह के अंतिम दिवस 8 फरवरी को भगवान बिरसा मुण्डा की स्मृति में निर्देशक गरिमा दिवाकर, संस्था अंजोर लोककला मंच रायपुर द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि देवेन्द्र राज अंकुर पूर्व निर्देशक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय दिल्ली होंगे। कार्यक्रम तकनीकी संयोजक हीरा मानिकपुरी द्वारा कलाकारों को रंगकर्म के तकनीकी पक्ष से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही उपस्थित रंग विचारकों द्वारा रंगकर्म की दशा और दिशा पर महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क है।
#NSD #BharatRangMahotsava












