राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को 75 हजार रुपये तक की खेलवृत्ति
जगदलपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रतिभावान खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 हेतु खेलवृत्ति के आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य उन खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, जिन्होंने पिछले वर्ष (2024-25) में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड और नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी इस स्कॉलरशिप के लिए पात्र होंगे।
खिलाड़ियों की उपलब्धि के अनुसार विभाग ने पुरस्कार राशि का निर्धारण अलग-अलग वर्गों में किया है। सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 75 हजार, 50 हजार और 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार, जूनियर वर्ग के पदक विजेताओं को क्रमशः 60 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपये, तथा सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपये की खेलवृत्ति दी जाएगी। यह राशि केवल उन खिलाड़ियों को मिलेगी जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं और जिन्होंने प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया है।
योजना के नियमों के तहत, खेलवृत्ति के लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है। यदि किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में पदक हासिल किया है, तो उसे उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर केवल एक बार ही राशि प्रदान की जाएगी। एकल या दलीय खेलों में खिलाड़ी का वास्तविक रूप से खेलना अनिवार्य है, जिसका प्रमाण संबंधित खेल संघ के माध्यम से देना होगा।
इच्छुक और पात्र खिलाड़ी अपना आवेदन 16 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। आवेदन सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण, हॉस्टल बिल्डिंग, इंदिरा स्टेडियम जगदलपुर अथवा सीधे रायपुर स्थित संचालनालय में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन का प्रारूप विभागीय वेबसाइट
https://bastar.gov.in/en/ पर उपलब्ध है, जिसे इंदिरा स्टेडियम स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है।
#SportsScholarship #NationalMedalists












