AIIMS 6th in Global ranking in terms of research and treatment

रिसर्च और इलाज में एम्स का दबदबा, वर्ल्ड रैंकिंग में टॉप-6 में जगह

नई दिल्ली। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), नई दिल्ली को दुनिया के सबसे मजबूत हॉस्पिटल ब्रांड्स में छठा स्थान मिला है। ब्रांड फाइनेंस की ‘2026 ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स’ रिपोर्ट में यह उपलब्धि दर्ज की गई है, जो वैश्विक हेल्थकेयर में भारत की बढ़ती साख को रेखांकित करती है।

रिपोर्ट में एम्स को जॉन्स हॉपकिंस मेडिसिन और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ स्थान मिला है। एम्स ने ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) में 79.9 का स्कोर हासिल कर दुनिया के सबसे मजबूत हॉस्पिटल ब्रांड्स में अपनी जगह पुख्ता की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एम्स का रिसर्च स्कोर 79.4 रहा, जो वैज्ञानिक शोध की गुणवत्ता, मात्रा और निरंतरता को दर्शाता है। वहीं केयर स्कोर 76.1 दर्ज किया गया, जो जटिल उपचारों और बड़े पैमाने पर मरीजों की देखभाल की क्षमता को उजागर करता है।

यह रैंकिंग 500 से अधिक एकेडमिक मेडिकल सेंटर्स के आकलन पर आधारित है। इसमें 2,500 हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की राय और 30 से अधिक मेट्रिक्स का इस्तेमाल किया गया। एम्स को दक्षिण एशिया का सबसे मजबूत हॉस्पिटल ब्रांड भी माना गया है। रिपोर्ट 5 फरवरी 2026 को लंदन स्टॉक एक्सचेंज में जारी की गई।

एम्स के निदेशक और स्टाफ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह डॉक्टरों, नर्सों, रिसर्चर्स और कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। संस्थान का फोकस इलाज, रिसर्च और मेडिकल शिक्षा में उत्कृष्टता पर बना हुआ है।

यह रैंकिंग भारत के पब्लिक हेल्थ सिस्टम की ताकत को वैश्विक मंच पर प्रमाणित करती है, जहां एक सरकारी संस्थान ने इतनी ऊंची रैंक हासिल की है। रिपोर्ट में टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई को 13वां स्थान मिला है, जिससे भारत के दो संस्थान टॉप रैंकिंग में शामिल हुए हैं।

एम्स की यह सफलता न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि देश के मेडिकल रिसर्च और पेशेंट केयर को और मजबूत करने की दिशा में प्रेरणास्रोत भी है। (डीडीन्यूज)

#AIIMSglobalRanking #AIIMRanks6th

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *