लकवाग्रस्त पति को पिलाया कीटनाशक, मासूम बेटी बनी गवाह

लकवाग्रस्त पति को पिलाया कीटनाशक, मासूम बेटी बनी गवाह

कोरबा। एक मासूम बच्ची ने अपने पिता की हत्या का राज खोल दिया। उसने बताया कि उसकी मां ने भैया से कोई दवा मंगवाई थी। रात को सोने से पहले मां ने वह दवा पानी में घोलकर पिता को पिला दी थी। उसने खिड़की से मां को ऐसा करते देखा था। इसके बाद पिता रातभर तड़पते रहे और उनकी मृत्यु हो गई। आरोपित के फोन कॉल्स में किसी और से अफेयर की बातें सामने आ रही हैं।  उसका पति लकवा से पीड़ित था।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने लकवाग्रस्त पति को कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी। आरोपी पत्नी ने जुर्म कबूल कर लिया है जिसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक अरुण सिंह (38 वर्ष) आशा नगर लाटा का रहने वाला था। करीब डेढ़ साल पहले उसे लकवा मार गया था, जिससे वह पूरी तरह बिस्तर पर निर्भर हो गया था। इसके साथ ही वह टीबी का भी मरीज था। उसकी देखभाल उसकी पत्नी बंटी देवी (35 वर्ष) कर रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य आर्थिक मदद भी देते थे।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी की सुबह बंटी देवी ने 13 वर्षीय बेटे को फूलों में छिड़काव का बहाना बनाकर कीटनाशक लाने भेजा। शाम को उसने बेटे और बेटी को कमरे से बाहर कर दिया और कीटनाशक को पानी में मिलाकर पति को पिला दिया।
इस दौरान छोटी बेटी ने खिड़की से मां को कीटनाशक मिलाते हुए देख लिया और अपने बड़े भाई को इसकी जानकारी दी। बाद में बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की शीशी देखी, जो पूरी तरह खाली थी।
कीटनाशक पीने के कुछ समय बाद अरुण सिंह की तबीयत बिगडऩे लगी और रात करीब 1.30 बजे उसे उल्टियां शुरू हो गईं। बच्चों ने मां से पिता को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन वह टालमटोल करती रही। पूरी रात अरुण दर्द से तड़पता रहा। 28 जनवरी की तड़के उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी की सुबह उसकी मौत हो गई।
बच्चों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने बंटी देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने की जानकारी भी मिली है, जिससे अफेयर की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

#Murder #WifeKillsHusband #AilingHusband

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *