वायरल वीडियो के बाद साथी के रूम में मिला एमबीए छात्रा का नग्न शव
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक 25 वर्षीया एमबीए छात्रा का शव उसके ही क्लासमेट के रूम में सड़ता हुआ बरामद हुआ। कमरे को बाहर से ताला लगाया हुआ था। बदबू आने पर पड़ोसियों ने शिकायत की। पुलिस ने रूम खोला। शव पर कपड़े का एक रेशा तक नहीं था। कुछ ही दिन पहले छात्रा का एक न्यूड वीडियो कालेज के ग्रुप्स में वायरल हो गया था।
घटना अंकली गली की है। जिस कमरे से शव मिला वह मंदसौर निवासी पीयूष धनोतिया नामक युवक का है जो छात्रा का क्लासमेट बताया जा रहा है। दोनों सांवेर रोड स्थित एक निजी संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा 10 फरवरी से लापता थी। उस दिन वह आधार कार्ड में सुधार करवाने अपने पिता के साथ घर से निकली थी। पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। वहां से छात्रा ने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ एक जन्मदिन की पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक घर लौट आएगी। इसके बाद वह लापता हो गई। उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया ।
उसी दिन रात को कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप में छात्रा के मोबाइल से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में एक युवक का चेहरा इमोजी से ढका हुआ था जबकि छात्रा का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था। अगले दिन कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर छात्रा के पिता को बुलाया और जानकारी दी कि दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
परिजनों का आरोप है कि 12 फरवरी को पूरे दिन तलाश के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिवार की आशंका पर एक पुलिसकर्मी पीयूष के कमरे तक गया लेकिन बाहर ताला देखकर लौट आया और मकान मालिक को सूचना देने की बात कह दी।
शुक्रवार को उसी कमरे से तेज बदबू आने की शिकायत मिली। सूचना पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर गई। कमरे में छात्रा का शव मिला। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है। परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक ने छात्रा के मोबाइल से उसके स्टेटस पर भी आपत्तिजनक वीडियो लगाए थे और फोन में सेव नंबर पर लोगों को भेजे।
#nudedeadbody #MBAStudent












