विधायक रिकेश ने शुरू की ₹1 में डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा
भिलाई। जनसेवा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा के निवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। भिलाई के जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में अब मात्र 1 रुपये में डायलिसिस और सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक रिकेश सेन ने रविवार को इस नई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
नई सेवा के तहत मात्र 1 रुपये में डायलिसिस और 1 रुपये में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे के बीच पंजीयन कराना होगा। रविवार और शासकीय अवकाश दिनों को छोड़कर यह सेवाएं नियमित रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि विधायक कार्यालय में पहले से ही कई जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। अब स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ यहाँ फ्री ब्लड टेस्ट मरीजों के लिए 31 तरह की जांच पूर्णतः निःशुल्क है। एक रूपये में एक्स-रे, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1 रूपये किराये पर हेल्मेट सुविधा, जरूरतमंदों के लिए राम रसोई में भोजन की व्यवस्था, गरीब और असहाय लोगों के लिए कंबल बैंक के साथ ही आज से डायलिसिस और गर्भवती महिलाओं के लिए 1 रूपये में सोनोग्राफी सेवा भी शुरू हो गई है।
शुभारंभ अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि हमारा लक्ष्य राजनीति के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। महाशिवरात्रि के शुभ दिन से शुरू की गई ₹1 वाली डायलिसिस और सोनोग्राफी सेवा से उन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी जो आर्थिक तंगी के कारण अपना इलाज नहीं करा पाते थे।”
#RikeshSen #FreeBloodTest #RadiologicalTestsin1Re












