हाईटेक चोर : कॉल ट्रेसिंग से बचने वॉकीटॉकी का इस्तेमाल
जगदलपुर। एक तरफ पुलिस हाईटेक हो रही है तो वहीं चोर भी बचने के तरीके अपना रहे हैं। बस्तर पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कॉल ट्रेसिंग से बचने के लिए वॉकीटॉकी का इस्तेमाल करती थी। पंजाब और हरियाणा के इस गिरोह के चार सदस्यों ने यह राज खोला है।
29 जनवरी की रात सनसिटी, जगदलपुर स्थित यश मेठानी के सूने मकान में सेंधमारी कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इसी रात थाना बोधघाट क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी से भी चांदी की गणेश व दुर्गा मूर्तियां और 20 हजार रुपये चोरी किए गए थे। लगातार दो वारदातों से पुलिस सतर्क हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। प्रार्थियों और गवाहों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और वारदात के तरीके के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी संलिप्तता उजागर हुई।
आरोपियों की पहचान अभिषेक खंडारा (पंजाब), नरेंद्र सिंह (भिलाई), विक्की कुमार वर्मा (भिलाई) और विशाल वाल्मीकि (हरियाणा) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी बोलेरो वाहन से शहर में आते, सूने मकानों की रेकी करते और फिर दो आरोपी बाहर निगरानी रखते, जबकि दो अंदर जाकर ताले तोड़ते थे। अंदर और बाहर मौजूद आरोपी वॉकीटॉकी के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे।
सनसिटी कॉलोनी और वृंदावन कॉलोनी की चोरी के बाद आरोपी विशाखापट्टनम की ओर फरार हो गए थे। 31 जनवरी को वे फिर चोरी की नीयत से जगदलपुर लौटे, जहां आड़ावाल–मंगडू कचोरा क्षेत्र में रेकी करते समय पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवागंन, डीएसपी साइबर गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में निरीक्षक, उप निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय चोरी गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#WalkieTalkieThief #BastarPolice












