20 साल बाद धरा गया दुल्हन तस्करी का मास्टरमाइंड
जयपुर। पश्चिमी राजस्थान के अविवाहित पुरुष उसके टारगेट थे। वह उनके लिए बंगाल, बिहार, झारखण्ड, असम यहां तक कि उत्तर प्रदेश से दुल्हन लाकर देता था। शादी करवाने की मोटी फीस भी लेता था। आसामी तगड़ा हो तो इसके बाद उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने का डर दिखाकर अलग से भी रुपए ऐंठता था। 2005 से सक्रिय इस दुल्हन तस्करी के मास्टर माइंड को राजस्थान पुलिस ने अंततः गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार को भंवरलाल शर्मा को दबोचा। उस पर आरोप है कि वह पश्चिमी राजस्थान में युवकों से लाखों रुपये ऐंठने के लिए लड़कियों और महिलाओं की तस्करी कर जबरन शादी कराने का नेटवर्क संचालित कर रहा था। आरोपी एक संगठित गिरोह के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाता था। उन्हें नौकरी या बेहतर जीवन के नाम पर पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड से राजस्थान लाया जाता था। इसके बाद सीमावर्ती जिलों में रहने वाले अविवाहित पुरुषों से मोटी रकम लेकर उनकी शादी करवा दी जाती थी।
जयपुर पुलिस अधिकारियों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही गिरोह के सदस्य कथित तौर पर पुरुषों को झूठे दुष्कर्म मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगते थे। इस तरह आरोपी और उसके सहयोगी लंबे समय से अवैध कमाई कर रहे थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क कई वर्षों से सक्रिय था और अलग-अलग जिलों में इसके तार जुड़े हुए हैं।
जयपुर पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी भंवरलाल शर्मा का आपराधिक इतिहास करीब दो दशक पुराना है। वर्ष 2005 से उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अपहरण, जबरन वसूली, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। इनमें जयपुर और अजमेर क्षेत्र के कई पुलिस थाने भी शामिल हैं।
#BrideRacket #MastermindHeld












