आभा आईडी : सेहत की जानकारी के डिजिटल संग्रहण का प्रशिक्षण
कोण्डागांव। राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कोण्डागांव जिले के नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आभा आईडी बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकें। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला-पुरुष और मितानिन द्वारा भी लोगों को आभा ऐप की जानकारी देकर पंजीयन में सहयोग किया जा रहा है।
नागरिक स्वयं अपने मोबाइल से भी आभा आईडी बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से आभा ऐप या आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा अथवा आभा की आधिकारिक वेबसाइट
https://abha.abdm.gov.in/
पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। ऐप खोलने के बाद ‘क्रिएट आभा आईडी’ या ‘क्रिएट हेल्थ आईडी’ विकल्प चुनकर आधार नंबर या मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकता है। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने और आवश्यक जानकारी जैसे नाम एवं जन्मतिथि की पुष्टि करने के बाद 14 अंकों की यूनिक आभा आईडी तैयार हो जाती है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.चर्तुवेदी ने बताया कि आभा आईडी एक हेल्थ डिजिटल रिकार्ड है, जिसमें व्यक्ति की अपने स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारी जैसे जांच रिपोर्ट, उपचार का विवरण और दवाइयों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहता है। इससे किसी भी अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टर को मरीज की पूर्व स्वास्थ्य जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाती है, जिससे बेहतर और त्वरित इलाज संभव हो पाता है।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ता अथवा मितानिन से संपर्क कर आभा आईडी बनवाएं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
#Abha_ID












