किडनी दिवस : बीपी-शुगर कंट्रोल करें, नमक को करें लिमिट, जांच कराएं
भिलाई। विश्व किडनी रोकथाम दिवस के अवसर पर आज हाईटेक सुपरस्पेशालिटी हॉस्पिटल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ सुमन राव के नेतृत्व में डायलिसिस टीम ने एक मंचन के द्वारा किडनी रोगों से बचाव का संदेश दिया।

डॉ सुमन राव ने इस अवसर पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि किडनी रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना सबसे जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं, नमक और प्रोसेस्ड फूड कम खाएं, ब्लड शुगर और बीपी को नियंत्रित रखें, और धूम्रपान/शराब से बचें। धूम्रपान किडनी में रक्त के बहाव को कम करता है, इसे छोड़ना ही बेहतर है। आहार में ताजे फल, सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें। बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाएं न लें और नियमित व्यायाम करें।
डॉ सुमन राव ने कहा कि किडनी रोगों का पता लगाना बहुत कठिन होता है। जब 75 फिसदी किडनी खराब हो चुकी होती है तब भी इसके लक्षण बहुत अस्पष्ट होते हैं। इसलिए थोड़ी भी शंका होने पर तत्काल जांच करवाना चाहिए। 35 साल की उम्र के बाद साल में एक बार किडनी फंक्शन टेस्ट जैसे यूरिन और ब्लड टेस्ट करवाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डायलिसिस से डरने की जरूरत नहीं है। वे पिछले 25 सालों से इस क्षेत्र में हैं। इस अवसर पर डायलिसिस करवा रहे लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किये।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ रंजन सेनगुप्ता ने बताया कि हाईटेक में डायलिसिस के लिए एक पूरी डेडिकेटड टीम है। इसके अलावा बैकअप में विशेषज्ञों की एक पूरी टीम मौजूद है जो किसी भी तरह की इमरजेंसी को हैंडल कर सकती है। अस्पताल में तीनों शिफ्ट में डायलिसिस किया जाता है जो आपातकालीन स्थितियों के प्रबंधन के लिए जरूरी है। इस अवसर पर डायलिसिस करवा रहे लोगों को डाब का पानी और पौधा देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
#Kidney_Day #Dialysis #Hitek_Hospital












