कुदरगढ़ में माता ने किया था राक्षसों का संहार, प्रसिद्ध मेला 23 से
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक ऊंची पहाड़ी पर स्थित है माँ बागेश्वरी (कुदरगढ़ी) देवी का मंदिर। मंदिर तक पहुंचने के लिए 1000 से अधिक सीढ़ियां चढ़कर पहुंचना पड़ता है। 17वीं सदी में राजा बालंद ने इसे स्थापित किया था। यहां चैत्र नवरात्र में विशेष मेला लगता है। इस वर्ष यह मेला 23 मार्च से 25 मार्च तक चलेगा।
मां बागेश्वरी मंदिर (कुदरगढ़ी देवी) का मंदिर एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। मान्यता है कि यहाँ माता ने राक्षसों का संहार किया था। मंदिर तक पहुँचने के लिए भक्तों को लगभग 893-1000 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। यह स्थान घने जंगलों, ऊँची पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए विख्यात है।
मंदिर में एक छोटा सा रहस्यमय कुंड है, जिसके बारे में मान्यता है कि बली के समय इसमें खून डालने पर भी यह कभी नहीं भरता।
चैत्र मेले की तैयारियां शुरू
23 से 25 मार्च 2026 के बीच भरने वाले इस मेले के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कुदरगढ़ न्यू रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, भुवन भास्कर सिंह एवं ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के साथ-साथ कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, एसडीएम चांदनी कंवर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, मंच की साज-सज्जा, विभागीय स्टॉल, अग्निशमन व्यवस्था, खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई।
बैठक में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने एसडीएम एवं जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि कुदरगढ़ मंदिर परिसर के आसपास दुकान लगाने वाले दुकानदारों की बैठक आयोजित कर उन्हें कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए और आवश्यक उपचारात्मक उपाय सुनिश्चित कराए जाएं। पेयजल व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर ने नगर पंचायतों को पानी टैंकर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक की समाप्ति के पश्चात् कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
#Kudergarh_Mela #Ma_Bageshwari #Ma_Kudergarhi












