कौस्तुभ पांडेय को पीएचडी की उपाधि, पर्यटन मंत्री के हैं पीए

कौस्तुभ पांडेय को पीएचडी की उपाधि, पर्यटन मंत्री के हैं पीए

रायपुर। कौस्तुभ पांडेय को डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। वे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निज सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पीएचडी प्राप्त  होने पर उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों एवं शिक्षाजगत में हर्ष का वातावरण है। यह उपाधि उन्हें सहायक प्राध्यापक डॉ. स्नेहलता निर्मलकर के मार्गदर्शन में प्रदान की गई।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्री पांडेय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सतत प्रयास और उच्च अध्ययन के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पांडेय अपनी विद्वत्ता एवं अनुभव से समाज और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक सकारात्मक योगदान देंगे।

उल्लेखनीय है कि कौस्तुभ पांडेय वर्ष 2005 से शासकीय प्राथमिक शाला चांटीडीह, बिलासपुर में सहायक शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। वर्तमान में वे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के निजी स्थापना में कार्यरत हैं। शैक्षणिक रूप से बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री पांडेय ने बीकॉम, एमकॉम, एमए (हिन्दी), एमए (राजनीति शास्त्र) तथा डीएड की उपाधियाँ प्राप्त की हैं। अब पीएचडी की उपाधि अर्जित कर उन्होंने अपने शैक्षणिक सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ी है।

श्री पांडेय के पिता रामकुमार पाण्डेय ने पुत्र की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। उनकी पत्नी श्रीमती श्रद्धा पांडेय एवं उनके सहयोगी स्टाफ, साथियों, शुभचिंतकों ने भी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे शिक्षा एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक दायित्वों के संतुलित निर्वहन के साथ पीएचडी की उपाधि प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन सभी के लिए प्रेरणा है जो निरंतर अध्ययन और आत्मविकास में विश्वास रखते हैं।

#KaustuvPandey #PhD #CVRamanUniversity

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *