क्या है “मियावाकी प्लांटेशन”? भिलाई नगर निगम लेगा इसका सहारा
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई “मियावाकी प्लांटेशन” पद्धति से शहर के पटरीपार क्षेत्र को हरा भरा बनाने की कोशिश करेगा निगम आयुक्त ने गत दिनों इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने वैशाली नगर और कैलाश नगर क्षेत्र का विस्तृत दौरा करने के दौरान इसके निर्देश दिये।उन्होंने मियावाकी वृक्षारोपण, अतिक्रमण हटाने और मुख्य नहर के माध्यम से जल संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मियावाकी (Miyawaki) वृक्षारोपण एक जापानी तकनीक है, जिसके द्वारा बहुत कम जगह में घने, देशी और आत्मनिर्भर वन विकसित किए जाते हैं। इसका पद्धति का विकास डॉ अकिरा मियावाकी ने किया था। यह विधि पारंपरिक वनीकरण से 10 गुना तेजी से बढ़ती है और 30 गुना अधिक सघन होती है। इसमें 20 से 30 देशी पौधों को पास-पास लगाया जाता है, जिससे वे जल्दी बड़े होकर एक जैव विविधता से भरपूर पारिस्थितिकी तंत्र बना लेते हैं।
आयुक्त ने इंदु आई.टी. के पीछे निगम स्वामित्व के रिक्त भूखण्ड का अवलोकन किया। शासन की मंशा के अनुरूप यहाँ ‘मियावाकी पद्धति’ से सघन पौधारोपण की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्थल पर बोरवेल और फेंसिंग का कार्य संपन्न हो चुका है। आयुक्त ने कहा कि इस पद्धति से न केवल पर्यावरण हरा-भरा होगा, बल्कि वायु प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। यह अभियान शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शांति नगर के स्थानीय निवासियों ने आयुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र में सुगम आवागमन हेतु नई सड़क निर्माण की मांग रखी। आयुक्त ने निवासियों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित किया जाएगा। कैलाश नगर में निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे नागरिकों द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण और बिल्डिंग मटेरियल रखकर मार्ग अवरुद्ध करने की शिकायत सही पाई गई।
आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल बाधाएं हटाने के निर्देश दिए। एकता चौक, कैलाश नगर और कुरूद रोड किनारे स्थित मुख्य नहर का निरीक्षण किया गया। इस नहर के माध्यम से क्षेत्र के तालाबों को भरा जाएगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को निस्तारी कार्यों में सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, उप अभियंता श्वेता महेश्वर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी एवं स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
#miyawaki_plantation #Bhilai_Nagar_Palik_Nigam












