“बाल मैत्री कार्यक्रम” : आंगनबाड़ी के बच्चों ने किया स्कूलों का भ्रमण
कोण्डागांव। छोटे बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र से प्राथमिक शाला में प्रवेश को सरल और सहज बनाने के उद्देश्य से “बाल मैत्री कार्यक्रम” संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों को अनौपचारिक वातावरण से औपचारिक विद्यालयीन वातावरण में सहज रूप से ढालने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को विद्यालयों का भ्रमण कराया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी के बच्चों को विद्यालय के वातावरण से परिचित कराना, उनमें सकारात्मकता विकसित करना तथा समावेशी माहौल में उन्हें सहज बनाना है। अक्सर देखा जाता है कि आंगनबाड़ी के खेल आधारित और अनौपचारिक माहौल से सीधे स्कूल के नियमबद्ध वातावरण में आने पर बच्चों को कठिनाई होती है, जिससे उनके मन में पढ़ाई के प्रति अरुचि भी उत्पन्न हो सकती है। इसी समस्या के समाधान के लिए यह पहल की गई है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी और कक्षा-1 के बच्चों के बीच समन्वय स्थापित किया जाता है। प्रत्येक माह “एक मासिक यात्रा” के रूप में आंगनबाड़ी के बच्चों को शाला परिसर का भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान बच्चों को विद्यालय परिसर, कक्षा, शिक्षक और अन्य विद्यार्थियों से परिचित कराया जाता है।
कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों में परिसर परिचय, शिक्षक से भेंट, सामूहिक खेल एवं सीखने की गतिविधियां शामिल हैं। आंगनबाड़ी और कक्षा-1 के बच्चों को एक साथ खेलते और सीखते हुए वातावरण से परिचित कराया जाता है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे स्कूल जाने के लिए मानसिक रूप से तैयार होते हैं।
इस पहल से बच्चों के स्कूल में नामांकन के बाद उनकी निरंतर उपस्थिति एवं सीखने की रुचि बढ़ने की उम्मीद है, साथ ही प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी और आनंददायक बनाने में भी सहायता मिलेगी।
#Bal_Maitri_Programme












