युवक ने परेशानी में कटर से रेता अपना गला, हाइटेक ने बचा ली जान
भिलाई। एक युवक ने आर्थिक तंगियों के चलते खुदकुशी करने की कोशिश की। उसे समय पर हाइटेक हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों के त्वरित हस्तक्षेप से उसकी जान बचा ली गई। युवक अब पूरी तरह स्वस्थ है और अपने घर लौट गया है। युवक को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
हाइटेक के ईएनटी सर्जन डॉ अपूर्व वर्मा ने बताया कि युवक ने पेपर कटर से अपनी कलाई काटने के बाद अपना गला रेतने की कोशिश की थी। कटर नया होने के कारण गला काफी गहरा कट गया था तथा सांस नली में भी छेद हो गया था। जब उसे लाया गया तब कलाई और गर्दन की चोट से काफी खून बह गया था।

डॉ वर्मा ने बताया कि युवक की किस्मत अच्छी थी कि गर्दन की मुख्य धमनियों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ था। तत्काल युवक को ओटी में लिया गया तथा उसके गले के जख्म की मरम्मत की गई। जख्म को संक्रमण से बचाने के लिए ट्रैकियोस्टोमी कर श्वांस की व्यवस्था की गई। साथ ही आहार के लिए राइल्स ट्यूब लगा दिया गया। युवक को चार दिन तक वेन्टीलेटर पर रखा गया। इस बीच उसे निमोनिया भी हो गई जिससे वह जल्दी ही रिकवर कर गया। सात दिन आईसीयू में रखने के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। पर यहां आते ही उसके अल्कोहल विथड्रॉल सिम्पटम्स दिखाई देने लगे। वह अपने ट्यूब खींचने लगा। उसकी हालत भी बिगड़ी पर समय रहते उसे संभाल लिया गया।
घावों को संक्रमण से बचाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किये गये। घाव भरने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सोमवार को उसके ट्यूब भी हटा दिये गये।
युवक अब पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी सांस भी भली प्रकार चल रही है और आवाज में भी कोई दिक्कत नहीं है। फिलहाल उसकी काउंसलिंग की जा रही है।
#Suicide_Slitting_Throat #Hitek_Hospital #












