स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने रायपुर में “इन्वेस्टर सेंसिटाइजेशन एवं डेमो डे”
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा रायपुर स्थित स्थानीय होटल में इन्वेस्टर सेंसिटाइजेशन एवं डेमो डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्टार्टअप्स, निवेशकों और विभागीय प्रतिनिधियों की भागीदारी रही, जहां नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना रहा। अपर संचालक संजय गजघाटे ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान सुश्री पर्ल अग्रवाल ने निवेशकों को संबोधित करते हुए वर्तमान निवेश प्रवृत्तियों, स्टार्टअप इकोसिस्टम में संभावनाओं और निवेशकों की बदलती भूमिका पर प्रकाश डाला। सुश्री सुमन देवांगन ने छत्तीसगढ़ इनोवेशन एवं स्टार्टअप प्रोमोशन पॉलिसी 2025-30 की जानकारी देते हुए स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्टार्टअप पिच सत्र रहा, जिसमें 18 स्टार्टअप्स द्वारा विभिन्न निवेशकों के समक्ष अपने व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत किए, इनमें से 7 से अधिक स्टार्टअप्स को आगे की फंडिंग के लिए निवेशकों की रुचि प्राप्त हुई।
#Startup_Chhattisgarh #Investor_Sensitization












