स्वदेशी मेले में खरीदारी के साथ ही मनोरंजन का भी भरपूर इंतजाम
भिलाई। जयंती स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेले के तीसरे दिन लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिली। रविवार और छुट्टी का दिन होने से लोगों की काफी भीड़ रही। एक ओर खरीदी और दूसरी ओर मनोरंजन का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। देर रात तक लोगों का आना जाना लगा रहा। स्वदेशी मेले का खास आकर्षण यहां लगे अलग अलग उत्पादों के स्टॉल्स हैं जहां लोगों ने खरीदी का लुत्फ उठाया।
बता दें स्वावलंबी भारत अभियान के तहत स्वदेशी जागरण मंच द्वारा स्वदेशी मेला का आयोजन किया गया है। यहां 300 से ज्यादा उत्पादों के स्टॉल लगे हैं। हैंडिक्राफ्ट से लेकर फूड जोन, ऑटो मोबाइल से लेकर इलेक्ट्रानिक्स तक अलग अलग स्टॉल लगे हैं। पारंपरिक परिधान व वेस्टर्न आउटफिट के भी स्टॉल लगे हैं। किचन के लिए उपयोगी सामान हो या घर की सजावट करना सभी के लिए यहां एक से एक वैरायटी सजी हुई है। हैंडलूम व फर्निचर के भी स्टॉल लगे हैं। एक छत के नीचे लोगों को हर प्रकार के उत्पाद मिल रहे हैं। लोगों ने स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी के साथ की मले का भी भरपूर आनंद लिया।
स्वदेशी मेले में एक ओर जहां लोगों को खरीदारी के लिए कई ऑप्शन्स मिल रहे हैं वहीं बच्चों के मनोरंजन का भी भरपूर ध्यान रखा गया है। यहां कई प्रकार के झूले हैं जो बच्चों के लिए आकर्षण का केन्द्र है। ड्रेगन झूला, ज्वाइंट व्हील, ब्रेक डांस, टॉय ट्रेन जैसे कई झूले हैं। बड़ों के साथ बच्चों का भी भ्ज्ञरपूर मनोरंजन हो रहा है। इसके अलावा फूड जोन में भी लोगों को कई प्रकार के स्वदेशी व्यंजनों का स्वाद चखने मिल रहा है।
स्वदेशी मेले में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिल रही है। यहां रोज सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही है। छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार व स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। खरीदी के बीच गीत संगीत का कार्यक्रम लोगों को सुकून दे रहा है। मेला संयोजक अजय भसीन ने बताया कि मेला का समापन 19 मार्च को होगा। उन्होंने शहर के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में आने की अपील की है।
#Swadeshi_Mela #Swavlambi_Bharat












