सड़क पर फेंकी यूज्ड सैनिटरी नैपकिन, लगाया 500 रुपए जुर्माना
कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी एवं उनकी टीम ने गुरूवार को कार्यवाही करते हुये, सेनेटरी वेस्ट सड़क पर फेंकने वाले व्यक्ति पर अर्थदण्ड लगाया। सेनेटरी वेस्ट खुला सड़क पर फेंकने पर निगम ने पहली बार यह कार्यवाही की है। स्वच्छता अमले ने संबंधित को कड़ी हिदायत भी दी कि यदि उनके द्वारा दोबारा यह कृत्य किया जाता है तो और अधिक कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
निगम द्वारा शहर को साफ-सुथरा व सुंदर बनाने सम्पूर्ण क्षेत्र में डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण की त्रुटिरहित व्यवस्था संचालित कर घर-घर से कचरे का संग्रहण कराया जा रहा है, किन्तु कतिपय लोग शहर को गंदा करने, गंदगी फैलाने एवं घरों दुकानों से उत्सर्जित अपशिष्ट को सार्वजनिक स्थान, सड़क व नाली में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के स्वच्छता विभाग के अमले ने अब इस दिशा में और अधिक कड़ा रूख अख्तियार किया है तथा सड़क पर कचरा डालने वालों पर उनके द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। निगम के पं.रविशंकर शुक्ल नगर कालोनी के एमआईजी साईट में आज एक व्यक्ति द्वारा सेनेटरी अपशिष्ट को सड़क पर डाल दिया गया था, इस पर स्वास्थ्य विभाग के अमले ने कार्यवाही करते हुये संबंधित पर 500 रूपये का अर्थदण्ड लगाया, जुर्माने की राशि निगम कोष में जमा कराई तथा स्थल की त्वरित साफ-सफाई भी कराई गई।सेनेटरी पैड को सड़क पर फेंकने पर पहली बार निगम द्वारा यह कार्यवाही की गई है।
#Sanitary_Pad_Disposal












