सोशल मीडिया में छाया कयाकिंग का रोमांच, सैलानियों से गुलजार हुआ रुद्री डेम

सोशल मीडिया में छाया कयाकिंग का रोमांच, सैलानियों से गुलजार हुआ रुद्री डेम

धमतरी। बारिश के बाद खिली हरियाली, रुद्री बांध की विशाल जलराशि और खुशनुमा मौसम इन दिनों सैलानियों को अपनी ओर खूब आकर्षित कर रहा है। शनिवार के सरकारी अवकाश के चलते बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ रुद्री और गंगरेल क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। इसी बीच रुद्री बांध परिसर में शुरू हुई कयाकिंग अकादमी पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बन गई है। कयाकिंग करते पर्यटकों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब छा रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ किया था। गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के सहयोग से शुरू हुई यह पहल जिले में साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

रुद्री बांध पहुंच रहे स्थानीय लोगों और आसपास के जिलों के पर्यटक कयाक में बैठकर चप्पू (Paddle) चलाते हुए जलराशि के बीच रोमांच का अनुभव ले रहे हैं। शांत पानी के बीच कयाकिंग का आनंद, चारों ओर फैली हरियाली और बांध का मनोरम दृश्य पर्यटकों के अनुभव को और खास बना रहा है। परिवार के साथ पहुंचे लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं, वहीं युवा साहसिक जल खेल का रोमांच उठा रहे हैं।

रुद्री बांध में बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल आधारित साहसिक गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन कराया जाए। कयाकिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, प्रशिक्षित संचालकों की मौजूदगी तथा पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बांध परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

कयाकिंग अकादमी केवल मनोरंजन का नया साधन नहीं, बल्कि स्थानीय आजीविका के नए अवसरों का माध्यम भी बन रही है। कयाकिंग से शरीर की अच्छी कसरत होने के साथ ही जल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही महिला स्व-सहायता समूह की भागीदारी से पर्यटन गतिविधियों में महिलाओं की भूमिका भी मजबूत होगी।

#Kayaking_Rudri_Dam

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *