बाढ़ राहत में आगे आए सामाजिक संगठन और सहकारी बैंक परिवार

बाढ़ राहत में आगे आए सामाजिक संगठन और सहकारी बैंक परिवार

 

जगदलपुर। बस्तर जिले में विगत दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न संस्थाएं और संगठन आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों और बंगाली समाज मैत्री संघ, जगदलपुर ने मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में कुल 2 लाख 22 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वेच्छा से 2 लाख 1 हजार रुपए की राशि एकत्रित की। इस सहायता राशि का चेक बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप और उपाध्यक्ष श्री श्रीनिवास मिश्रा ने बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा को सौंपा। इस अवसर पर बैंक के सीईओ श्री के.एस. ध्रुव, अतिरिक्त सीईओ श्री एस.ए. रजा, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री आर.के. सूर्यवंशी, सचिव श्री आशीष बराल सहित बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इसी तरह जगदलपुर की बंगाली समाज की संस्था मैत्री संघ ने भी बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 21 हजार रुपए का योगदान दिया। संस्था के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री सहायता कोष के नाम सहायता राशि का चेक कलेक्टर श्री आकाश छिकारा को सौंपा। इस दौरान मैत्री संघ के अध्यक्ष श्री दीपक घोष, महासचिव श्री सुनील साहा, कोषाध्यक्ष श्री देवाशीष चौधरी, संयुक्त सचिव श्री देवव्रत बराल और वरिष्ठ सदस्य श्री अशोक रंजन मुखर्जी उपस्थित थे। महासचिव श्री सुनील साहा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें सहायता उपलब्ध कराना सामाजिक और नैतिक दायित्व है। संस्था जनहित और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में सदैव तत्पर रही है।

#Bastar_Floods #Public_Support #CM_Relief_Fund

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *