बहुत महंगा पड़ गया चखने में चिकन खाना, फट गई आहार नली
भिलाई। बेध्यानी में किया गया भोजन कभी-कभी बहुत महंगा पड़ जाता है। इसलिए कहा जाता है कि पूरे होशोहवास में और पूर्ण मनोयोग के साथ भोजन करना चाहिए। राजनांदगांव के एक 56 वर्षीय व्यक्ति को चखने में चिखन खाते समय लापरवाही बरतना बेहद भारी पड़ गया। मरीज को अत्यंत गंभीर हालत में 8 नवम्बर की रात हाइटेक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लाया गया था। हाइटेक के विशेषज्ञों की टीम ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल सर्जरी कर उसकी जान बचा ली।
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ अपूर्व वर्मा एवं मरीज के परिजनों ने बताया कि व्यक्ति चिकन खा रहा था। उसी समय एक टुकड़े के साथ फिसल कर हड्डी का एक बड़ा टुकड़ा भी उसके गले से उतर गया। उसने उसे निगलने की बहुत कोशिश की पर असफल रहा। उसे एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने हड्डी के टुकड़े को निकालने की कोशिश की पर वह और भी गहराई में चला गया। इधर अब मुंह से खून भी आने लगा था और गला सूजने लगा था। मरीज को तत्काल हायर सेंटर हाइटेक सुपरस्पेशालिटी हॉस्पिटल रिफर कर दिया गया।
हाईटेक में ईएनटी सर्जन डॉ अपूर्व वर्मा के नेतृत्व में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ नरेश देशमुख, सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ नविल शर्मा, इंटेंसिविस्ट डॉ नीलिमा बम्बोडे एवं टीम तत्काल जुट गई। मरीज की आहार नली (ईसोफेगस) क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते गले में हवा भर रही थी और वहां सूजन बढ़ रही थी। हड्डी का धारदार टुकड़ा आड़ा फंसा हुआ था। एंडोस्कोप की मदद से ही उसे सावधानी से निकाला गया। पूरी सावधानी बरती गई कि घाव और ज्यादा गहरा न हो। इसके बाद घाव को बंद कर रक्तस्राव को रोका गया। साथ ही संक्रमण से बचाव के सारे उपाय किये गये।
मरीज को डॉ नीलिमा की देखरेख में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया। मरीज अब ठीक है। उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। जल्द ही उसे छुट्टी दे दी जाएगी।
#Hitek_Hospital_Bhilai #ENT_Surgery #Foreign_body_extraction












